दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

23-Dec-2024 01:22 PM

तिरुअनन्तपुरम । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि पूर्ण व्यवस्थित कम दाब का क्षेत्र निकटवर्ती उत्तरी दिशा की ओर बढ़कर बंगाल की खाड़ी के मध्य पश्चिमी भाग के ऊपर डिप्रेशन के रूप में सघन हो गया है जिससे तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रॉयल सीमा तथा उड़ीसा में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

इसके विपरीत उत्तरी भारत में तापमान लगातार तेजी से घटता जा रहा है। जम्मू कश्मीर में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री नीचे आ गया है लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तथा मराठवाड़ा में 2-3 डिग्री ऊपर चल रहा है।

जम्मू, कश्मीर, लद्दाख के कुछ क्षेत्रों में तापमान 0 डिग्री के फ्रीजिंग प्वाइंट पर आ गया है जबकि हिमाचल प्रदेश में 1 से 5 डिग्री, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चडीगढ़, दिल्ली तथा पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख कृषि उत्पादक क्षेत्रों में 3 से 6 डिग्री के बीच चल रहा है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों, बिहार, झारखंड और मध्य भाग में तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बताया जा रहा है। 

चालू सप्ताह के अंतिम दिनों के दौरान तटीय उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के मैदानी एवं तटीय क्षेत्रों, आसाम-मेघालय तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सामान्य वर्षा होने की उम्मीद है। अगले 4 दिनों तक मौसम की स्थिति के बारे में कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी में हलचल मची रहेगी।

उत्तरी तमिलनाडु में तटवर्ती क्षेत्र तथा कुछ दूरस्थ इलाकों के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के कुछ तटीय भागों में 40-50 कि०मी० प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी जबकि इसकी उच्चतम गति 60 कि०मी० प्रति घंटे तक पहुंच सकती है जो सामान्यतः एक तूफान की गति मानी जाती है।

यह उड़ीसा तट के साथ आगे बढ़ते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जाने की संभावना है इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

बारिश का दायरा आगे और बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर-पूर्व मानसून अब प्रस्थान करने के चरण में पहुंच गया है लेकिन विदाई के रास्ते में वर्षा की सौगात दे सकता है।