दक्षिणी राज्यों में आगे और बारिश होने का अनुमान
17-Apr-2025 01:07 PM
तिरुअनन्तपुरम। पिछले दिन तमिलनाडु, पांडिचेरी एवं कराईकल में कहीं सामान्य तो कहीं भारी वर्षा हुई जबकि आगामी दिनों में वहां और भी ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून-पूर्व का ट्रफ और सर्कुलेशन वहां घूम रहा है या फिर एक संकीर्ण कॉरिडोर से नीचे की ओर गुजरता नजर आ रहा है। यह ट्रफ पूर्वी समुद्री तट के साथ सम्पूर्ण उड़ीसा एवं तटीय आंध्र प्रदेश के बीच सक्रिय है।
16 अप्रैल को दोपहर के बाद मानसून-पूर्व का ट्रफ अपनी धुरी (अक्ष) से बाहर निकलकर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया। इसका विस्तार दक्षिणी राजस्थान से लेकर मन्नार की खाड़ी तक देखा गया। तमिलनाडु तट से आगे गहरे समुद्र में इसका प्रभाव बना हुआ था।
मौसम विभाग ने उपरोक्त परिदृश्य को देखते हुए अगले पांच दिनों के अंदर तमिलनाडु, पांडिचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायल सीमा, तेलंगाना एवं कर्नाटक में छिटपुट हल्की से सामान्य बारिश होने, गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने तथा तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की है।
इसके अलावा केरल और माही में भी दूर-दूर तक सामान्य या हल्की वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। इन क्षेत्रों में पहले भी मानसून-पूर्व की अच्छी वर्षा हो चुकी है।
दरअसल भारत- पाकिस्तान की सीमा को पार करते हुए पश्चिमी विक्षोभ की हवा जब ठंडी हुई तब वातावरण में अस्थिरता पैदा हो गई और बादल का ट्रफ दक्षिण दिशा की ओर मुड़ गया।
उससे पूर्व देश के पश्चिमोत्तर राज्यों तथा पूर्वी प्रांतों में इसकी सक्रियता से बारिश हुई थी। अब यह ट्रफ दक्षिणी प्रायद्वीप में सक्रिय हो गया है।
मौसम विभाग ने 18 से 20 अप्रैल के बीच दिल्ली- एनसीआर में भी वर्षा होने या तेज हवा चलने की संभावना जताई है। 16 अप्रैल को एक शक्तिशाली एवं सघन पश्चिमी विक्षोभ ने हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
यह प्रभाव अगले पांच दिनों तक बरकरार रहने की संभावना है। इसे देखते हुए 18 एवं 19 अप्रैल को गरज-चमक के साथ वहां बारिश होने, तेज हवा चलने, ओलावृष्टि एवं हिमपात होने तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख एवं हिमाचल प्रदेश में जोरदार वर्षा हो सकती है। वहां बर्फबारी भी शुरू हो चुकी है।
