दक्षिणी राज्यों में तेज हवा एवं गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान

20-May-2024 02:05 PM

नई दिल्ली  । मौसम विभाग ने एक तरफ दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश सहित अन्य निकटवर्ती प्रांतों में गर्म हवा की तेज लहर (लू) तथा प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना व्यक्त की है

तो दूसरी ओर दक्षिण भारत के पांच राज्यों-तमिलनाडु, केरल, पांडिचेरी, कर्नाटक एवं लक्ष्यद्वीप के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के कुछ भागों में 23 मई तक तेज हवा एवं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली में हीट वेव अभी बरकरार रहेगा और तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होगी। मध्यवर्ती भारत तथा महाराष्ट्र के कुछ भागों में भी गर्मी का प्रकोप है। 

मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायल सीमा एवं लक्ष्यद्वीप में अत्यन्त भारी बारिश होगी तथा तमिलनाडु एवं केरल में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। 

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश में लम्बे समय से अच्छी वर्षा नहीं होने तथा बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर बहुत घट जाने से फसलों की सिंचाई में भारी बाधा पड़ रही थी और पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।

वहां वर्षा की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब जो बारिश हो रही है वह अत्यन्त राहत देने वाली है क्योंकि उसके बाद मानसून की वर्षा शुरू हो जाएगी।

लेकिन उत्तरी भारत को जून के प्रथम सप्ताह से पूर्व प्रचंड गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है। इससे खेतों को तैयार करने में कठिनाई हो सकती है।