दलहनों पर आयात शुल्क की दर में कोई बदलाव नहीं
01-Apr-2026 10:24 AM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने दलहनों के लिए आयात शुल्क के ढांचे में कोई परिवर्तन नहीं करते हुए इसे पूर्व स्तर पर बरकरार रखा है। इसके तहत अरहर (तुवर) एवं उड़द के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा एक साल के लिए बढ़ाकर 31 मार्च 2027 नियत किया गया है जबकि पीली मटर पर भी अगले एक साल तक 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू रखने की घोषणा की गई है।
उल्लेखनीय है कि तुवर, उड़द एवं पीली मटर पर पिछले आयात शुल्क की समय सीमा 31 मार्च 2026 तक नियत की गई थी और सबकी निगाहें सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हुई थी। आमतौर पर उम्मीद की जा रही थी कि इन तीनों दलहनों पर आयात शुल्क की दर में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा और ऐसा ही हुआ।
घरेलू उत्पादन में कमी आने से दलहनों के आयात की आवश्यकता आगे भी बनी रहेगी और सरकार इसकी पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कीमतों को स्थिर रखना चाहती है। सीमा शुल्क बढ़ने पर कीमतों में तेजी आ सकती थी।
इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन के चेयरमैन का कहना है कि सरकार का यह निर्णय अच्छा है और इससे उद्योग को दीर्घकालीन नीति बनाने में आसानी होगी। सीमा शुल्क के स्थिर रहने से 2026-27 में दलहनों का कुल आयात 50 लाख टन से ज्यादा हो सकता है।
