दिल्ली-यूपी में तूफानी बारिश से जान माल का भारी नुकसान

22-May-2025 07:17 PM

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तथा पड़ोसी प्रान्त- उत्तर प्रदेश (यूपी) में 21 मई की देर शाम को हुई तूफानी बारिश  जान माल का भारी नुकसान होने की खबर आ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार वैसे तो महज गरज-चमक के साथ कई क्षेत्रों में बौछार ही पड़ी मगर करीब 80 कि०मी० प्रति घंटे की अत्यन्त तेज रफ्तार से चली हवा ने तांडव मचा दिया।

इस आंधी-तूफान की वजह से अनेक पेड़ एवं  बिजली के खम्बे-उखड़ गए और कच्चे मकानों की छत उड़ गई। गाड़ियों पर तथा राहगीरों पर पेड़ों के गिरने से कई लोगों की मौत हो गई।

कुछ क्षेत्रों बुनियादी ढांचे को नुकसान हुआ है। उत्तर प्रदेश में नोएडा, गाजियाबाद, मिर्जापुर तथा कुछ अन्य जिलों में इस आंधी तूफान का जबरदस्त प्रकोप देखा गया जिससे खासकर आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। 

हालांकि इन दोनों राज्यों में रबी कालीन फसलों की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त होने से खेतों में फसल को नुकसान नहीं हुआ मगर उत्तर प्रदेश की मंडियों में लाए गए गेहूं का स्टॉक कुछ हद तक क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिनों तक इस क्षेत्र में सामान्य या हल्की वर्षा हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस बारिश से खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ेगा और इससे खरीफ फसलों की अगैती बिजाई करने में सहायता मिलेगी।

मौसम विभाग ने 27 मई को केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जबकि उससे पूर्व देश के विभिन्न भागों में वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है।

देश के दक्षिणी प्रायद्वीप तथा पश्चिमी राज्यों में 19 मई से ही बारिश हो रही है। पूर्वोत्तर राज्यों तथा पूर्वी भारत में भी वर्षा का सिलसिला बरकरार है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आई है। लेकिन राजस्थान, गुजरात एवं हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप अभी कायम है।