दिसम्बर में सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल के आयात में जोरदार वृद्धि
07-Jan-2026 11:43 AM
मुम्बई। नवम्बर की तुलना में दिसम्बर 2025 के दौरान भारत में खाद्य तेलों के आयात में भारी बढ़ोत्तरी हो गई। उद्योग-व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों के अनुसार इस अवधि में सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल का आयात तेजी से बढ़ा लेकिन पाम तेल का आयात घट गया।
विश्लेषकों के मुताबिक सूरजमुखी तेल का आयात 14.5 प्रतिशत बढ़कर 3.50 लाख टन पर पहुंचा जो पिछले 17 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। दूसरी ओर इसी अवधि में पाम तेल का आयात करीब 20 प्रतिशत घटकर 5.07 लाख टन पर सिमट गया जो गत आठ महीनों का सबसे निचला स्तर है।
आमतौर पर जाड़े के दिनों में भारत में पाम तेल की मांग कमजोर पड़ जाती है इसलिए रिफाइनर्स द्वारा सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल जैसे सॉफ्ट तेलों को प्राथमिकता दी जाती है।
सूरजमुखी तेल की भांति सोयाबीन तेल मंगाने में भी भारतीय रिफाइनर्स ने अच्छी दिलचस्पी दिखाई जिसमें इसका आयात 37 प्रतिशत बढ़कर 5.08 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है। इस तरह लम्बे समय के बाद दिसम्बर 2025 में सोया तेल का आयात पाम तेल से ऊपर पहुंचने की संभावना है।
सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल के आयात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी होने के कारण दिसम्बर में खाद्य तेलों का कुल आयात बढ़कर 1370 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है जो नवम्बर के आयात से 19 प्रतिशत ज्यादा है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार खाद्य तेलों का यह आयात समुद्री मार्ग से हुआ और इसमें नेपाल से सड़क मार्ग से खाद्य तेलों का होने वाला शुल्क मुक्त आयात शामिल नहीं है।
भारत में पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेल का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से होता है जबकि अर्जेन्टीना एवं ब्राजील से सोयाबीन तेल तथा रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से सूरजमुखी तेल मंगाया जाता है।
