दिसम्बर माह के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित

27-Nov-2024 02:58 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने दिसम्बर 2024 के दौरान घरेलू प्रभाग में बेचने के लिए देशभर की मिलों के वास्ते 22 लाख टन चीनी का कोटा आवंटित किया है जो नवम्बर कोटा के बराबर मगर दिसम्बर 2023 के कोटा 24 लाख टन से 2 लाख टन कम है।

दिसम्बर में ठंड का प्रकोप शुरू हो जाता है जिससे कोल्ड ड्रिंक्स एवं आइसक्रीम आदि के लिए चीनी की औद्योगिक मांग कमजोर पड़ जाती है। नवम्बर में 22 लाख टन कोटा जारी हुआ था कर मांग तथा आपूर्ति के समीकरण में संतुलन होने से चीनी के दाम में सीमित घट-बढ़ के साथ स्थिरता देखी जा रही है।

वैसे शादी-विवाद एवं मांगलिक उत्सवों का सीजन जो मध्य नवम्बर से आरंभ हुआ था वह दिसम्बर में भी बरकरार रहेगा जिससे चीनी की खपत में कुछ वृद्धि हो सकती है। मांग ज्यादा बढ़ने पर कभी-कभार चीनी के दाम में इजाफा होना संभव है।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार केन्द्र सरकार घरेलू प्रभाग में पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए चीनी की कीमतों को स्थिर रखने का प्रयास कर रही है।

गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन पहले ही आरंभ हो चुका है और चीनी के उत्पादन की रफ्तार आगामी समय में और बढ़ने की उम्मीद  कीमतों पर दबाव रह सकता है। गुड़ के नए माल की आवक भी बढ़ रही है जो चीनी की खपत को आंशिक रूप से प्रभावित कर सकती है। 

चीनी का उत्पादन इस बार कुछ कम होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि गन्ना का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के 57.11 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 57.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए

नुकसान को देखते हुए स्वयं कृषि मंत्रालय ने इसका उत्पादन 2023-24 सीजन के 4531.58 लाख टन से 132.28 लाख टन घटकर 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 4399.30 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना व्यक्त की है।

इस बार गुड़-खांड़सारी उत्पादन के साथ-साथ एथनॉल निर्माण में भी गन्ना का उपयोग बढ़ने की उम्मीद है जिससे चीनी के उत्पादन में गिरावट की आशंका बढ़ गई है। लेकिन पिछला स्टॉक काफी बड़ा है।