दिसावरी उपभोक्ता केन्द्रों में कालीमिर्च की मांग बढ़ी

28-Feb-2025 05:17 PM

कोच्चि। कालीमिर्च के व्यापारियों को उम्मीद है कि प्रयागराज में महाकुम्भ का मेला समाप्त होने के बाद उत्तरी भारत में इस महत्वपूर्ण मसाले की मांग एवं खपत बढ़ेगी क्योंकि हाल के सप्ताहों में वहां अनेक खपत केन्द्रों में इसकी कम खरीद हुई जिससे स्टॉक घट गया है।

महाकुम्भ मेला के दौरान उत्तरी भारत के खपतकर्ता केन्द्रों में कालीमिर्च में कारोबारी गतिविधियां कमजोर पड़ गई थी लेकिन अब इसकी रफ्तार बढ़ने के आसार हैं। केरल में कालीमिर्च के नए माल की आवक पहले ही शुरू हो चुकी है। 

कोच्चि के टर्मिनल मार्केट में पिछले सप्ताह कालीमिर्च के दाम में 7 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई क्योंकि इसका कारोबार सीमित हुआ।

वहां गार्बल्ड कालीमिर्च का भाव घटकर 672 रुपए प्रति किलो तथा अनगार्बल्ड का मूल्य गिरकर 652 रुपए प्रति किलो रह गया। 

एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के अनुसार केरल के प्रमुख उत्पादक केन्द्रों में कालीमिर्च की प्रथम चरण की तुड़ाई-तैयारी समाप्त होने के बाद बाजार में स्थिरता आ गई है।

कोच्चि के टर्मिनल मार्केट में नए माल की आवक बहुत कम हो रही है। सबरीमाला तीर्थ यात्रा की मांग को पूरा करने के लिए केरल में इडुक्की एवं पठानामथिट्टा जैसे क्षेत्रों में उत्पादकों ने इस बार समय से कुछ पहले ही कालीमिर्च की तुड़ाई-तैयारी आरंभ कर दी थी जिससे प्रथम चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई

और इसलिए टर्मिनल मार्केट में नगण्य माल आ रहा है। सबरीमाला तीर्थ यात्रा के दौरान कालीमिर्च के उत्पादकों को आकर्षक मूल्य प्राप्त हुआ था।

इस समय एक किलो एवं आधा किलो की पैकिंग में कालीमिर्च का मूल्य 650 रुपए तक पहुंच गया था। अब उत्तरी भारत के दिसावरी व्यापारियों ने कालीमिर्च की खरीद में दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी है। कालीमिर्च में रमजान की मांग भी बढ़ने की उम्मीद है।