देश के अधिकांश भागों में उच्चतम तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा रहने का अनुमान

01-May-2025 01:51 PM

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगाह किया है कि चालू माह (मई) के दौरान देश के अधिकांश भागों में उच्चतम तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा रहेगा और 1 से 4 दिन तक कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी या हीटवेव (लू) का प्रकोप रह सकता है।

लेकिन समय-समय पर गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना भी है जिससे गर्मी की तीव्रता एवं भयंकरता उस खतरनाक स्तर तक नहीं पहुंच पायेगी जिस स्तर पर मई 2024 में पहुंची थी।

मौसम विभाग के मुताबिक मई 2025 में देश के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य स्तर से ऊंचा रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में रात का तापमान देश के अन्य भागों की तुलना में ज्यादा ऊंचा या गर्म रह सकता है। 

आईएमडी के महानिदेशक के अनुसार आमतौर पर मई माह के दौरान देश के अधिकांश इलाकों में हीटवेव का प्रकोप 1 से 4 दिन तक रहता है लेकिन इस बार राजस्थान के अधिकांश भागों, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में यह प्रकोप 4 से अधिक दिनों तक बरकरार रह सकता है।

इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में भी हीटवेव का प्रकोप सामान्य से ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम प्रायद्वीपीय भारत को छोड़कर आमतौर पर समूचे देश में मई के दौरान 1 से 3 दिनों तक हीटवेव की भयंकरता कायम रहती है लेकिन इस वर्ष यह 4-5 दिनों तक या उससे भी ज्यादा समय तक बरकरार रह सकती है जो उच्चतम तापमान में होने वाली वृद्धि पर निर्भर है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत, मध्यवर्ती राज्यों एवं पश्चिमोत्तर प्रांतों के कुछ भागों को छोड़कर देश के अन्य अधिकतर भागों में मई के दौरान सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य औसत से ज्यादा वर्षा होने के आसार हैं जो दीर्घकालीन औसत (एलपीए) के 109 प्रतिशत तक हो सकती है। मई के लिए एलपीए 61.4 मि०मी० आंका गया है। 

मई में एक तरफ भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा तो दूसरी ओर गरज-चमक के साथ बारिश भी होती रहेगी। मानसून-पूर्व की यह वर्षा जायद फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

अप्रैल 2025 में देश के अंदर विभिन्न राज्यों में कुल मिलाकर 72 दिनों का हीटवेव दर्ज किया गया। इसके तहत राजस्थान एवं गुजरात में 6 से 11 दिनों तक हीटवेव का प्रकोप रहा

जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश एवं विदर्भ में 4 से 6 दिनों और पूर्वी मध्यवर्ती भारत, महाराष्ट्र तथा इससे सटे उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में 1 से 3 दिन तक इसका प्रकोप दर्ज किया गया।