धनिया के नए माल की आवक कुछ सप्ताहों में जोर पकड़ने की संभावना

07-Feb-2025 01:49 PM

नई दिल्ली । राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में धनिया की अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई-तैयारी अगले कुछ सप्ताहों में आरंभ होने वाली है जबकि अगले महीने से इसकी रफ्तार बढ़ने लगेगी। गुजरात में इसका क्षेत्रफल 3 प्रतिशत बढ़ा है मगर राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में रकबा कुछ घटने की सूचना मिल रही है।

खरीदारों का ध्यान नई फसल पर केन्द्रित हो गया है इसलिए कारोबारी गतिविधियां धीमी पड़ गई हैं। धनिया का भाव एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर हो गया है और निकट भविष्य में इसमें भारी उतार-चढ़ाव आने की संभावना कम है। मौसम की हालत लगभग सामान्य बनी हुई है लेकिन कुछ इलाकों में वर्षा का अभाव महसूस किया जा रहा है।

राजस्थान की रामगंज मंडी में 3500-4000 बोरी तथा बारां मंडी में 800-1000 बोरी धनिया की औसत दैनिक आवक हो रही है। 

गुजरात में धनिया का उत्पादन क्षेत्र पिछले सीजन के 1.27 लाख हेक्टेयर से 3700 हेक्टेयर या करीब 3 प्रतिशत बढ़कर इस बार 1,30,700 हेक्टेयर पर पहुंचा है। फसल की हालत कुल मिलाकर संतोषजनक बताई जा रही है। धनिया का निर्यात प्रदर्शन कमजोर चल रहा है जबकि घरेलू मांग भी मजबूत रही है।

हालांकि पिछले दिनों इसके दाम में कुछ सुधार आया था लेकिन ऊंचे भाव पर लिवाली कम होने से कीमतों में अब स्थिरता आ गई है।

धनिया का अगला उत्पादन पिछले सीजन के आसपास ही होने की संभावना है जबकि इसका स्टॉक भी सीमित ही है। यदि फरवरी-मार्च में मौसम अनुकूल रहा तो बाजार में भारी तेजी की संभावना क्षीण पड़ जाएगी लेकिन अगर बेमौसमी वर्षा, आंधी-तूफान अथवा ओलावृष्टि का प्रकोप हुआ तो बाजार में तेजी के चांस बन सकते हैं।

घरेलू एवं निर्यात मांग तथा स्टॉकिस्टों की लिवाली पर भी धनिया का भाव आगामी समय में निर्भर करेगा।