उत्पादन घटने की संभावना से धनिया में नरमी की आशंका कम

04-Mar-2025 08:32 PM

कोटा। राजस्थान में धनिया के बिजाई क्षेत्र में 20-25 प्रतिशत की गिरावट आने तथा मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने से उत्पादन कमजोर उतरने की संभावना है।

कुछ इलाकों में अगैती बिजाई वाली फसल परिपक्व होने लगी है और अगले 8-10 दिनों में इसके नए माल की आवक शुरू हो जाने की उम्मीद है।

पिछले दिनों धनिया के दाम में कुछ तेजी आई थी और इसलिए उत्पादकों तथा स्टाकिस्टों ने अपने माल को बेचने में दिलचस्पी भी दिखाई थी। लेकिन मार्केट धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ गया और इसके साथ ही आवक का दबाव भी घट गया। 

राजस्थान में धनिया की औसत दैनिक आवक रामगंज मंडी में 5000 बोरी तथा बारां मंडी में 1000-1500 बोरी की बताई  जा रही है।

उधर गुजरात एवं मध्य प्रदेश में भी धनिया की नई फसल तैयार हो रही है जिससे आगामी सप्ताहों के दौरान इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने की प्रबल संभावना है।

लेकिन नए माल की जोरदार आवक शुरू होने से पूर्व धनिया का भाव सीमित उतार-चढ़ाव के साथ एक निश्चित दायरे में घूमते रहने की संभावना है।

राजस्थान की प्रमुख मंडियों में धनिया का दाम नीचे में 6300 रुपए से लेकर ऊपर में 6800 रुपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है। आगे इसमें थोड़ी-बहुत तेजी-मंदी आने की संभावना है। 

गुजरात में धनिया का बिजाई क्षेत्र 2023-24 सीजन के 1.27 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2024-25 के सीजन में 1.31 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच गया जबकि वहां मौसम भी काफी हद तक अनुकूल बना रहा।

लेकिन राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश में भी बिजाई क्षेत्र में कमी आने की सूचना मिल रही है। यदि चालू माह (मार्च) के दौरान मौसम सामान्य रहा तो धनिया में उतार-चढ़ाव आने की संभावना रहेगी।

अप्रैल-अक्टूबर 2024 के सात महीनों में देश से केवल 38,314 टन  संभव हो सका जबकि वर्ष 2023 के इन्ही महीनों में 81 हजार टन से कुछ अधिक का शिपमेंट हुआ था। समझा जाता है कि अगले कुछ दिनों तक इस महत्वपूर्ण मसाले के दाम में ज्यादा नरमी नहीं आएगी।