उत्तर प्रदेश में 60 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य

16-Sep-2025 01:37 PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर से न्यूतनम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से खरीफ कालीन धान की सरकारी खरीद आरंभ करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार धान की बिक्री के इच्छुक किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को और भी सरल बनाने का प्रयास करेगी। राज्य में अब तक 5022 किसान धान की बिक्री के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। 

उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आयुक्त का कहना है कि 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन हेतु धान की खरीद नीति का प्रारूप शीघ्र ही राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ताकि उसे अंतिम स्वीकृति प्रदान की जा सके।

सरकार का इरादा 1 अक्टूबर से खरीद की प्रक्रिया पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों से शुरू करने का है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवम्बर से धान की खरीद शुरू होगी। 

जानकारों के अनुसार 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में खाद्य विभाग 60 लाख टन धान की खरीद के लक्ष्य का प्रस्ताव रखेगा। केन्द्र सरकार ने इस सीजन के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 69 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ा दिया है

जिससे सामान्य श्रेणी के धान का एमएसपी 2300 रुपए से बढ़कर 2369 रुपए प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड धान का समर्थन मूल्य 2320 रुपए से बढ़कर 2389 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में उत्तर प्रदेश में 57.70 लाख टन से अधिक धान की सरकारी खरीद हुई थी और इसके लिए 4372 क्रय केन्द्र खोले गए थे। खाद्य सुविधाओं का बेहतर प्रबंध किया जाएगा।

पिछले साल 9 लाख से अधिक किसानों का पंजीकरण किया गया था। चालू वर्ष के दौरान भारतीय खाद्य निगम के सहयोग से उत्तर प्रदेश में धान की खरीद के लिए 4500 क्रय केन्द्र खोले जाने की उम्मीद है।

फिलहाल राज्य में 1820 राइस मिलें कार्यरत हैं जो सरकार द्वारा आवंटित धान की मिलिंग करती है। धान की खरीद सबसे पहले मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली एवं आगरा आदि जिलों में शुरू होने की संभावना है।