उत्तर प्रदेश में गेहूं के बाद अब मक्का की सरकारी खरीद शुरू
15-Jun-2026 12:54 PM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद का अभियान 15 जून 2026 को औपचारिक तौर पर समाप्त हो रहा है और आज से ही राज्य के 26 जिलों में किसानों से मक्का की खरीद आरंभ हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने केन्द्र द्वारा घोषित 2400 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 15 जून से 31 जुलाई के बीच 26 जिलों में जायद सीजन के (ग्रीष्मकालीन) मक्का की खरीद करने का निर्णय लिया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव का कहना है कि एमएसपी स्कीम के अंतर्गत मक्का की खरीद के लिए विस्तृत एवं आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बड़े पैमाने पर इसकी खरीद का अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य मक्का किसानों को लाभप्रद वापसी सुनिश्चित करना है।
सचिव के अनुसार मक्का की खरीद के लिए इन 26 जिलों में कुल 150 क्रय केन्द्र स्थापति किए गए हैं। राज्य सरकार ने मौजूदा जायद सीजन में 25 हजार टन मक्का की खरीद का लक्ष्य रखा है।
जिन 26 जिलों में किसानों से एमएसपी पर मक्का खरीदने का निर्णय लिया गया है उसमें आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, मैनपुर, हाथरस, कासगंज, बदायूं, एटा, रामपुर, सम्भल, शाहजहांपुर, हापुड़, बुलंदशहर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, औरैया, बहराइच, उन्नाव, हरदोई, फरुखाबाद, मिर्जापुर, फतेहपुर, बलिया एवं गोंडा शामिल हैं। इस बार दो अतिरिक्त जिलों को इसमें जोड़ा गया है।
क्रय केन्द्रों पर सुबह 9 बजे से मक्का की खरीद आरंभ हो जाएगी जो शाम 6 बजे तक चलती रहेगी। सरकार ने एजेंसियों को मक्का की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने तथा सही समय पर क्रय केन्द्रों से स्टॉक को हटाने का निर्देश दिया है ताकि किसानों को कोई कठिनाई न हो।
