उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश होने के आसार

16-Feb-2026 11:47 AM

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने कहा है कि देश के पश्चिमोत्तर भाग में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के निर्माण के संकेत मिल रहे हैं। यह विक्षोभ आज यानी 16 फरवरी को निर्मित हो सकता है और इसके प्रभाव से 17 तथा 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में और 18-19 फरवरी के मध्य प्रदेश के विभिन्न भागों में अच्छी वर्षा हो सकती है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं सहित अन्य रबी फसलों को अभी वर्षा की आवश्यकता है लेकिन अगैती बिजाई वाली जो फसलें अब परिपक्व होकर कटाई के लिए तैयार हो गई है उसे भारी बारिश से नुकसान भी हो सकता है। 

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब,हरियाणा, चंडीगढ़ एवं उत्तरी राजस्थान में 17-18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है इसके अलावा जम्मू कश्मीर, लद्दाक, गिलगित बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में और साथ ही साथ अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश या बर्फबारी होने की उम्मीद है। इससे मैदानी इलाकों में तापमान कुछ घट सकता है जो रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगा। 

वर्तमान समय में पूर्वी विषुवतीय हिन्द महासागर और उससे सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक उत्तरी वायु वाला साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है जिसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के अंदर दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती भाग एवं उसके निकटवर्ती विषुवतीय हिन्द महासगार के ऊपर कम दाब के क्षेत्र का निर्माण होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में अभी घने कोहरे का प्रकोप देखा जा रहा है। दूसरी ओर कर्नाटक एवं कोकण में मौसम गर्म रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है जबकि पश्चिमोत्तर भारत एवं मध्यवर्ती राज्यों में न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा जा रहा है।