उड़द तथा देसी चना के विशाल आयात का सिलसिला जनवरी में भी जारी

11-Feb-2025 07:44 PM

चेन्नई। घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुधरने तथा कीमतों में स्थिरता या नरमी का माहौल बनने के बावजूद विदेशों से भारी मात्रा में उड़द एवं देसी चना का शुल्क मुक्त आयात जारी है। अगले महीने से घरेलू चना के नए माल की जोरदार आवक भी शुरू होने वाली है। 

मोटे अनुमान के अनुसार जनवरी 2025 के दौरान भारत में 74,520 टन उड़द एवं 8,16,897 टन देसी चना का भारी आयात हुआ। उड़द का अधिकांश आयात (67,325 टन) म्यांमार से किया गया जबकि ब्राजील से 6820 टन तथा थाईलैंड से 375 टन क आयात हुआ।

देश से उड़द का सबसे अधिक 66,777 टन का आयात चेन्नई बंदरगाह पर किया गया जबकि कोलकाता बंदरगाह पर 5000 टन, जेएनपीटी पर 218 टन तथा मूंदड़ा बंदरगाह पर 125 टन का आयात हुआ। 

जहां तक देसी चना का सवाल है तो स्वाभाविक रूप से इसका लगभग सम्पूर्ण आयात ऑस्ट्रेलिया से किया गया जो इसका सबसे प्रमुख निर्यातक देश है और जहां इस बार उत्पादन भी शानदार हुआ है।

भारत में 31 मार्च 2025 तक देसी चना के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई है और भारतीय आयातक इस अवसर का भरपूर फायदा उठा रहे हैं।  

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 में देसी चना का आयात बढ़कर 8,16,897 तन पर पहुंच गया जिसमें से ऑस्ट्रेलिया से 5,14,935 टन तथा तंजानिया से 1962 टन का आयात शामिल था।

जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) के बंदरगाह पर 1,16,051 टन चना मंगाया गया जबकि मूंदड़ा बंदरगाह पर सर्वाधिक 3,26,272 टन का आयात किया गया।

इसके गंगावरम में 33 हजार टन, हजीरा में 20,750 टन, काकीनाडा में 18,726 टन, तूतीकोरिन में 1113 टन तथा चेन्नई में 979 टन चना मंगाया गया।