ऊंचे ऑफर मूल्य के कारण थाईलैंड एवं वियतनाम से चावल का निर्यात प्रभावित

18-May-2026 01:40 PM

बैंकॉक। थाईलैंड राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुसार 6 से 13 मई वाले सप्ताह के दौरान थाई चावल के निर्यात ऑफर मूल्य में करीब 20 डॉलर प्रति टन की वृद्धि हो गई जबकि वियतनाम ने 1 अप्रैल से 14 मई के दौरान अपने चावल का निर्यात ऑफर मूल्य 60 डॉलर प्रति टन बढ़ा दिया। दूसरी ओर इस अवधि के दौरान भारत और पाकिस्तान में ऑफर मूल्य 10 डॉलर प्रति टन से भी कम बढ़ा। 

होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही बंद होने के कारण इराक ने थाईलैंड से चावल का आयात रोक दिया है। समीक्षकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट जल्दी समाप्त होता है तो चालू वर्ष की दूसरी छमाही के दौरान थाईलैंड  से चावल के निर्यात में सुधार आ सकता है। उधर म्यांमार एवं अमरीका से चावल का निर्यात घटने की संभावना है। 

वर्ष 2026 के दौरान शिकागो एक्सचेंज में चावल का औसत वायदा मूल्य 11.20-11.90 डॉलर प्रति सीडब्ल्यू टी रहने का अनुमान लगाते हुए एक एजेंसी ने कहा है कि वर्ष 2025 के अंतिम महीनों की तुलना में वर्ष 2026 की पहली तिमाही में वायदा भाव ऊंचा रहा। चावल का औसत वायदा मूल्य जनवरी में 10.7 डॉलर प्रति सीडब्ल्यूटी था जो फरवरी में बढ़कर 11 डॉलर तथा मार्च में सुधरकर 11.40 डॉलर प्रति सीडब्ल्यूटी पर पहुंचा।

अप्रैल में यह कुछ नरम पड़कर 11.30 डॉलर पर आया लेकिन मई में एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया। 8 मई को चावल का वायदा मूल्य उछलकर 12.20 डॉलर प्रति सीडब्ल्यूटी की ऊंचाई पर पहुंच गया। आगामी महीनों में चावल के वैश्विक वायदा मूल्य में उतार-चढ़ाव अनेक कारकों पर निर्भर करेगा। भारत के पास चावल का निर्यात योग्य विशाल अधिशेष स्टॉक उपलब्ध है।