विभिन्न कृषि जिंसों की कीमतों में गिरावट आने से कनाडा के उत्पादक चिंतित

10-Sep-2025 08:44 PM

सस्काटून। यद्यपि कटाई-तैयारी के पीक सीजन के दौरान कनाडा में विभिन्न कृषि उत्पादों की कीमतों पर दबाव पड़ना कोई असाधारण घटना नहीं है लेकिन इस वर्ष भाव कुछ ज्यादा ही घटकर नीचे आया है जिससे किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है।

कैनोला का दाम इसलिए घटा है क्योंकि एक प्रमुख आयातक देश- चीन में इस पर 75.8 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू है। दूसरी लगभग सभी फसलों की आपूर्ति एवं उपलब्धता की तुलना में मांग कमजोर है जिससे कीमतों में नरमी का रुख बना हुआ है।

पश्चिमी कनाडा में चालू वर्ष के दौरान कृषि जिंसों का उत्पादन स्टैट्स कैन के अनुमान तथा बाजार विश्लेषकों की उम्मीद से ज्यादा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है जबकि चीन के आयातक इस बार कनाडा तथा अमरीका से अधिक मात्रा में इसकी खरीद नहीं कर रहे हैं।

कनाडा की मंडियों में सिर्फ अगस्त माह के दौरान पीली मटर के दाम में करीब 75 सेंट प्रति बुशेल की गिरावट आ गई जबकि हरी मटर का भाव 1 डॉलर प्रति बुशेल घट गया। इसी तरह मोटी हरी मसूर का मूल्य 10 सेंट प्रति पौंड अथवा 6 डॉलर प्रति बुशेल और लाल मसूर का दाम 4 सेंट प्रति पौंड घट गया। 

इसके अलावा पश्चिमी कनाडा की मंडियों में अगस्त 2025 के दौरान जौ तथा अलसी सहित अन्य जिंसों के मूल्य में भी भारी गिरावट दर्ज की गई।

एक तरफ जोरदार कटाई-तैयारी के कारण मंडियों में नए माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ती जा रही है जबकि दूसरी ओर प्रमुख आयातक देशों में इसकी मांग सुस्त बनी हुई है।

इसके फलस्वरूप उत्पादकों को नीचे दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा है जिससे इसकी आमदनी घट जाने की संभावना है।

मोटी हरी मसूर के किसान काफी निराश हैं। इसकी प्रति एकड़ उपज दर यदि 600 पौंड मानी जाए तो 45 सेंट प्रति पौंड की दर से कुछ राजस्व 27 डॉलर प्रति एकड़ बैठता है मगर वर्तमान भाव केवल 27 सेंट प्रति पौंड है जिससे 162 डॉलर प्रति एकड़ का ही राजस्व हासिल हो रहा है।