विभिन्न राज्यों के लिए दिसम्बर की चीनी का फ्री सेल कोटा आवंटित

29-Nov-2024 03:25 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने दिसम्बर 2024 में घरेलू बाजार में बिक्री के लिए देश के विभिन्न राज्यों के मिलर्स हेतु चीनी का फ्री सेल कोटा 22 लाख टन निर्धारित किया है जो नवम्बर के कोटे  के बराबर लेकिन दिसम्बर 2023 के लिए नियत कोटा 24 लाख टन से 2 लाख टन कम है। सभी उत्पादक राज्यों के लिए चीनी का अलग-अलग कोटा आवंटित किया गया है। 

निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2024 में महाराष्ट्र की मिलों के लिए करीब 8.04 लाख टन, उत्तर प्रदेश के लिए 6.09 लाख टन तथा कर्नाटक के लिए 3.12 लाख टन चीनी का कोटा नियत किया गया है। ये तीनों देश में चीनी के शीर्ष उत्पादक राज्य है। 

इसके अलावा निदेशालय ने तमिलनाडु के लिए 1.36 लाख टन, गुजरात के लिए 68 हजार टन, बिहार के लिए 53 लाख टन, आंध्र प्रदेश के लिए 27 हजार टन, छत्तीसगढ़ के लिए 4 हजार टन, हरियाणा के लिए 56 हजार टन, मध्य प्रदेश के लिए 47 हजार टन, पंजाब के लिए 33 हजार टन तथा उत्तराखंड के लिए 40 हजार टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है।

इसके अलावा तेलंगाना, राजस्थान एवं उड़ीसा जैसे सीमित उत्पादन करने वाले राज्यों के लिए क्रमश: 2592 टन, 685 टन तथा 407 टन चीनी का कोटा नियत किया गया है। 

निदेशालय के मुताबिक चीनी का यह 22 लाख टन का कोटा 1 से 31 दिसम्बर 2024 के लिए प्रभावी होगा और इस अवधि में मिलों को अपने नियत कोटे की चीनी बेचना आवश्यक होगा। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार दिसम्बर माह के लिए चीनी का यह फ्री सेल कोटा लगभग संतुलित है और इसलिए घरेलू बाजार भाव में भारी उतार-चढ़ाव आने मुश्किल लगता है। 

लेकिन सीमित तेजी-मंदी बरकरार रहेगी। त्यौहारी सीजन समाप्त होने के बाद अब ठंडे मौसम के कारण चीनी की औद्योगिक मांग भी कमजोर रहने की संभावना है।