यूक्रेन से मक्का का निर्यात काफी घटने की संभावना
24-Dec-2024 06:12 PM
कीव । काला सागर क्षेत्र में स्थित देश- यूक्रेन से 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान मक्का के निर्यात में भारी गिरावट आने की संभावना है क्योंकि भयंकर सूखे के प्रकोप से फसल को हुए भारी नुकसान के कारण वहां इसका उत्पादन काफी घट गया है।
एक समीक्षक के अनुसार 2024-25 मार्केटिंग सीजन में यूक्रेन से मक्का का निर्यात घटकर 210 लाख टन पर सिमट सकता है जो 2023-24 के शिपमेंट से 29 प्रतिशत एवं 2022-23 में निर्यात से 23 प्रतिशत कम है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जून से सितम्बर के दौरान यूक्रेन में मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क बना रहा जिससे मक्का की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई।
यूक्रेन में मक्का का उत्पादन 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में 325 लाख टन पर पहुंचा था मगर 2024-25 के सीजन में 75 या करीब 23 प्रतिशत घटकर 250 लाख टन के आसपास रह जाने का अनुमान है। यह वर्ष 2017 के बाद का सबसे छोटा उत्पादन है।
दरअसल प्रतिकूल मौसम के कारण वहां मक्का की औसत उपज दर 18 प्रतिशत घटकर 6.40 टन प्रति हेक्टेयर रह गई जबकि इसका बिजाई क्षेत्र भी 1 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 41 लाख हेक्टेयर पर अटक गया था।
29 नवम्बर तक वही 242 लाख टन मक्का का उत्पादन हो चुका था जबकि 38 लाख हेक्टेयर में फसल की कटाई हुई थी।
यूक्रेन में मक्का का पिछला बकाया स्टॉक भी 2023-24 सीजन के 28 लाख टन से घटकर 2024-25 में 2 लाख टन रह जाने क अनुमान है। काला सागर क्षेत्र में स्थित यूक्रेन के बंदरगाहों पर रूस का हमला जारी है।
