केन्द्रीय पूल में 602 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद
07-Apr-2026 04:34 PM
नई दिल्ली। खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ आधिकारी ने कहा है कि केन्द्रीय पूल में फिलहाल 222 लाख टन गेहूं एवं 380 लाख टन चावल के साथ कुल 608 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद है जो घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। इसके साथ-साथ गेहूं एवं रबी कालीन धान की खरीद का सीजन भी 1 अप्रैल से आरंभ हो चुका है।
अधिकारी के अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की मांग एवं अन्य किसी तरह की आयात कालीन जरूरत को पूरा करने के लिए सरकार के पास खाद्यान्न का भरपूर स्टॉक उपलब्ध है जबकि आगामी समय में यह स्टॉक तेजी से बढ़ सकता है।
जहां तक दलहन और खाद्य तेलों का सवाल है तो ब्राजील, अर्जेन्टीना, इंडोनेशिया, मलेशिया, रूस तथा यूक्रेन से विभिन्न तेलों का तथा कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, म्यांमार एवं अफ्रीकी देशों से दलहनों का आयात निरन्तर जारी है।
इस बार सरसों की अच्छी पैदावार हुई जिससे इसके तेल की अधिक मात्रा उपलब्ध रहेगी। सरकार खाद्य बाजार पर गहरी नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर हस्तक्षेप कर सकती है। समुद्री रास्ते से आने वाले सभी जहाज सुरक्षित हैं और नियमित रूप से आते रहेंगे।
