चीनी की वैश्विक आपूर्ति में जटिलता बढ़ने की उम्मीद
07-Apr-2026 03:41 PM
साओ पाउलो। क्रूड खनिज तेल के वैश्विक बाजार मूल्य में आ रही तेजी के कारण ब्राजील में इस बार एथनॉल निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा जिससे चीनी के उत्पादन में कमी आ सकती है।
चूंकि ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है इसलिए वहां उत्पादन घटने पर वैश्विक बाजार में चीनी की आपूर्ति कम होगी और इसकी कीमतों में तेजी आने की संभावना रहेगी। इससे भारतीय मिलर्स को चीनी का निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।
ब्राजील से 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अप्रैल-मार्च) में लगभग 330 लाख टन चीनी का निर्यात हुआ जबकि 2026-27 सीजन के दौरान निर्यात घटकर 290 लाख टन पर अटक जाने की संभावना है। इस 40 लाख टन के गैप को भरना अन्य देशों के लिए आसान नहीं होगा
क्योंकि भारत, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया एवं यूरोपीय संघ में चीनी के उत्पादन में जोरदार बढ़ोत्तरी होने की संभावना नहीं है। इस वर्ष ब्राजील में चीनी का सकल उत्पादन भी 430 लाख टन से घटकर 400 लाख टन से नीचे आ सकता है। ब्राजील से आपूर्ति कम होने पर वैश्विक बाजार में भारतीय चीनी की मांग बढ़ सकती है।
