यूक्रेन से मटर के निर्यात की धीमी गति बरकरार- सूरजमुखी का शिपमेंट बढ़ा
29-Aug-2025 01:26 PM
कीव। रूस के साथ भयंकर युद्ध में लम्बे समय से उलझे यूक्रेन से इस वर्ष विभिन्न कृषि उत्पादों के निर्यात का प्रदर्शन फीका चल रहा है जिसमें मटर भी शामिल है। यूक्रेनी सांख्यिकी सेवा (यूएसएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि मई की तुलना में जून माह के दौरान वहां से मटर का निर्यात 33 प्रतिशत घट गया।
यूएसएस के अनुसार यूक्रेन से मई में 16,653 टन मटर का निर्यात हुआ था जो जून में घटकर 11,121 टन पर अटक गया। इसके फलस्वरूप चालू कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में यानी जनवरी-जून 2025 के दौरान यूक्रेन से केवल 87.095 टन मटर का निर्यात हो सका जो वर्ष 2024 की समान अवधि के शिपमेंट 1,37,402 टन से काफी कम था।
जून 2025 के दौरान यूक्रेन से पाकिस्तान को 4173 टन मटर का निर्यात हुआ जबकि मलेशिया को 1570 टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 1106 टन का शिपमेंट किया गया।
शेष माल का निर्यात अन्य देशों में हुआ। यूक्रेन में मटर की नई फसल की आपूर्ति आरंभ होने से अब निर्यात की गति कुछ तेज होने की उम्मीद है।
दूसरी ओर समीक्षाधीन अवधि के दौरान वहां से सूरजमुखी बीज के निर्यात में 244 प्रतिशत का भारी इजाफा हुआ मगर इसकी कुल मात्रा सीमित ही रही।
यूएसएस की रिपोर्ट के अनुसार मई में यूक्रेन से केवल 368 टन सूरजमुखी सीड का निर्यात हुआ था जो जून से उछलकर 1267 टन पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन सूरजमुखी एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों का एक अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश है। चालू वर्ष की पहली छमाही के दौरान वहां से केवल 47,814 टन सूरजमुखी का निर्यात हो सका जो जनवरी-जून 2024 के कुल शिपमेंट 1.89 लाख टन से बहुत कम रहा। जून में यूक्रेन से संयुक्त अरब अमीरात को सर्वाधिक 1144 टन सूरजमुखी का निर्यात किया गया
जबकि इंग्लैंड को 76 टन एवं इटली को 22 टन का शिपमेंट किया गया। पिछले साल की तुलना में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान यूक्रेन में सूरजमुखी का उत्पादन काफी घटने की संभावना है। वहां से सूरजमुखी बीज के बजाए सूरजमुखी तेल एवं सूरजमुखी मील का निर्यात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
