भारत को खाद्य तेलों की आपूर्ति में इंडोनेशिया शीर्ष स्थान पर बरकरार

16-Apr-2025 07:17 PM

मुम्बई। चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती पांच महीनों में यानी नवम्बर - 2024 से जनवरी - 2025 के दौरान भारत में कुल मिलाकर लगभग 56.40 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया


जिसमें 6.63 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 17.24 लाख टन क्रूड पाम तेल, 29 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 19.11 लाख टन से कुछ अधिक क्रूड डिगम सोयाबीन तेल तथा 13.13 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात शामिल था। 


विगत वर्षों की भांति इंडोनेशिया वर्तमान मार्केटिंग सीजन में आरंभिक पांच महीनों में भी भारत को खाद्य तेलों की सर्वाधिक आपूर्ति करने वाला देश बना रहा।


उसने नवम्बर-मार्च के दौरान भारत में 14.33 लाख टन से अधिक खाद्य तेल का निर्यात किया जिसमें 5.71 लाख टन आरबीडी पामोलीन, 8.61 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 1 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का शिपमेंट शामिल था।


इसी तरह मलेशिया से 82 हजार टन रिफाइंड पामोलीन, 7.32 लाख टन क्रूड पाम तेल तथा 26 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल के साथ कुल 8.40 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया जबकि थाईलैंड से केवल 25 हजार टन क्रूड पाम तेल का आयात हुआ। भाव ऊंचा होने से पाम तेल के आयात में कमी दर्ज की गई। 


भारत को खाद्य तेलों के निर्यात में अर्जेन्टीना दूसरे नम्बर पर रहा जिसने नवम्बर-मार्च के पांच महीनों में 13 लाख टन खाद्य तेल का शिपमेंट किया।


इसमें 12.16 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल तथा 84 हजार टन क्रूड सूरजमुखी तेल का निर्यात शामिल था। इसी अवधि में ब्राजील से करीब 3.28 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल भी मंगाया गया। 


रूस ने नवम्बर 2024 से मार्च 2025 के पांच महीनों में भारत को 9.92 लाख टन खाद्य तेल का निर्यात किया और वह इसका तीसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश बन गया।


रूस से भारत को निर्यात हुए खाद्य तेल में 1.62 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल तथा 8.30 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल की मात्रा शामिल थी।


इसके अलावा यूक्रेन से 2.97 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल तथा 11 हजार टन क्रूड सोयाबीन तेल के साथ 3.08 लाख टन खाद्य तेल का आयात हुआ।


दुनिया के अन्य देशों से भारत में समीक्षाधीन अवधि के दौरान 4.13 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया जिसमें 10 हजार टन आरबीडी पामोलीन, 1.05  लाख टन क्रूड पाम तेल, 1650 टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 1.94 लाख टन क्रूड डिगम सोयाबीन तेल तथा 1.03 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात शामिल रहा।