Home News

25 अक्टूबर तक देश में करीब 4 लाख टन चीनी का उत्पादन

28-Oct-2026 01:16 PM

25 अक्टूबर तक देश में करीब 4 लाख टन चीनी का उत्पादन

नई दिल्ली। शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) के एक बयान में कहा गया है कि 2026-27 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में 25 अक्टूबर 2026 तक देश में चीनी का उत्पादन बढ़कर 4 लाख टन पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के उत्पादन 60 हजार टन से लगभग 7 गुणा ज्यादा है। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग काफी तेज गति से हो रही है। 

इस्मा के अनुसार महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं गुजरात जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में गन्ना की क्रशिंग का अभियान सही समय पर आरंभ हो गया और अब उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा एवं उत्तराखंड जैसे प्रांतों में भी क्रशिंग शुरू होने की संभावना है। 25 अक्टूबर तक राष्ट्रीय स्तर पर 107 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग शुरू हो गई थी।

इसमें अकेले महाराष्ट्र की 87 इकाइयां शामिल हैं जबकि वह देश का सबसे प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य माना जाता है। उत्तर प्रदेश में दो इकाइयां ही चालू हुई है जबकि तमिलनाडु, कर्नाटक एवं गुजरात में संयुक्त रूप से 17 प्लांटों में गन्ना की क्रशिंग आरंभ हो चुकी है। निकट भविष्य में अनेक अन्य प्लांटों में चीनी का उत्पादन आरंभ होने वाला है। उत्पादन का शुरूआती संकेत बेहतर है। 

इस्मा के महानिदेशक ने दावा किया है कि घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए देश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी उपलब्धता के प्रति चिंता करने का कोई कारण नहीं है। आगामी महीनों में उत्पादन बढ़ने के साथ चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता भी बढ़ती आएगी। 

2025-26 के मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर उद्योग के पास करीब 36 लाख टन चीनी का बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद था जो घरेलू मांग एवं खपत को पूरा करने का आधार बन रहा है। समीक्षकों के मुताबिक चीनी की मांग एवं आपूर्ति का समीकरण जटिल रहने की संभावना है।