3.34 लाख टन के नियत लक्ष्य के सापेक्ष 1011 लाख टन मूंग की सरकारी खरीद
13-Dec-2024 04:01 PM
नई दिल्ली (भारती एग्री एप्प)। केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्यों को कुल मिलाकर 3,34,416 टन मूंग की खरीद करने की अनुमति दी है।
किसानों से मूंग की यह खरीद 8682 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जानी है। इस नियत लक्ष्य में से अब तक 1,11,437 टन मूंग की सरकारी खरीद पूरी हो चुकी।
उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस बार राजस्थान में सर्वाधिक 2.39 लाख टन मूंग की खरीद का लक्ष्य नियत हुआ है जबकि 12 दिसम्बर 2024 तक वहां 84 हजार टन से कुछ अधिक की खरीद हो गई।
इसी तरह कर्नाटक में 38,320 टन के लक्ष्य की तुलना में 26,205 टन, तेलंगाना में 4715 टन के लक्ष्य के मुकाबले 990 टन तथा महाराष्ट्र में 29,108 टन के लक्ष्य की तुलना में 40 टन मूंग की खरीद संभव हो पाई है।
इसके अलावा तमिलनाडु में 3383 टन, गुजरात में 8000 टन, हरियाणा में 6730 टन, उत्तर प्रदेश में 4215 टन तथा आंध्र प्रदेश में 957 टन मूंग की खरीद का लक्ष्य नियत हुआ है मगर वहां खरीद की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।
राजस्थान में 15 जनवरी 2025 तक मूंग की खरीद के लिए समय सीमा नियत की गई है जबकि महाराष्ट्र में 7 जनवरी 2025 तथा कर्नाटक में 18 दिसम्बर 2024 की अवधि निश्चित हुई है।
इसके अलावा केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने विभिन्न राज्यों को कुल मिलाकर 9,39,720 टन उड़द तथा 4,91,285 टन तुवर की खरीद करने की भी स्वीकृति दी है।
उड़द की खरीद का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में 4.30 लाख टन, महाराष्ट्र में 1.99 लाख टन, राजस्थान में 1.49 लाख टन, गुजरात में 53 हजार टन, कर्नाटक में 43 हजार टन, आंध्र प्रदेश में 30 हजार टन, तमिलनाडु में 29 हजार टन तथा तेलंगाना में 7 हजार टन और हरियाणा में 60 टन निर्धारित किया गया है। इसमें से अभी तक केवल राजस्थान में 19 टन उड़द की सरकारी खरीद संभव हो पाई है।
तुवर की सरकारी खरीद अभी शुरू नहीं हुई है। इसकी खरीद का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में 3.95 लाख टन, आंध्र प्रदेश में 96 हजार टन तथा हरियाणा में 495 टन नियत हुआ है।
2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8682 रुपए प्रति क्विंटल, तुवर का 7550 रुपए एवं उड़द का 7400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
