4 अप्रैल तक 59 प्रतिशत रबी फसलों की कटाई पूरी
14-Apr-2025 11:41 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर 2024-25 के रबी सीजन (2025-26 के मार्केटिंग सीजन) के दौरान 4 अप्रैल 2025 तक 38 प्रतिशत क्षेत्र में गेहूं, 91 प्रतिशत क्षेत्र में दलहनों, 87 प्रतिशत क्षेत्र में तिलहनों, 70 प्रतिशत क्षेत्र में श्री अन्न एवं मोटे अनाजों तथा 33 प्रतिशत क्षेत्र में धान की फसल काटी जा चुकी थी।
इस तरह रबी फसलों के कुल बिजाई क्षेत्र के 59 प्रतिशत भाग में कटाई-तैयारी की प्रक्रिया पूरी हो गई जबकि शेष क्षेत्रों में यह अभी जारी है।
कृषि मंत्री के अनुसार इस बार गेहूं का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 320 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच गया। विभिन्न रबी फसलों की उपज दर बेहतर रहने की संभावना को देखते हुए सरकार ने सभी सम्बद्ध अधिकारियों को उसकी खरीद हेतु किसानों के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि देश के शीर्ष उत्पादक राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं बिहार आदि में गेहूं की फसल अच्छी हालत में थी
और इसकी कटाई-तैयारी की गति भी तेज देखी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार गेहूं की पैदावार अच्छी होगी। अधिकांश राज्यों में क्वालिटी भी बेहतर है।
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने 2025-26 के वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के लिए 313 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे आसानी से इसके प्राप्त होने का भरोसा है।
पिछले साल 266 लाख टन तथा 2023 में 262 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई थी। नए माल की जोरदार आवक होने से खुले बाजार में गेहूं का भाव घटकर एमएसपी के करीब आ गया है।
एक तरफ रबी फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी हो रही है तो दूसरी ओर जायद फसलों की बिजाई का अभियान भी जोर शोर से जारी है। रबी और खरीफ सीजन के बीच जायद फसलों की खेती होती है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस बार अभी तक जायद फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 60.22 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 52.40 लाख हेक्टेयर से करीब 8 लाख हेक्टेयर ज्यादा है
इसके तहत 32 लाख हेक्टेयर में धान, 11 लाख हेक्टेयर में दलहनों एवं 7.35 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलों की खेती शामिल है। जायद फसलों की बिजाई अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। रबी फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी मई तक जारी रहेगी।
