45 वां रबी तिलहन-तेल सेमिनार 22-23 मार्च को आगरा में

26-Dec-2024 05:11 PM

नई दिल्ली । स्वदेशी तिलहन-तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के शीर्ष संगठन- सेन्ट्रल ऑर्गेनाइजेशन फॉर ऑयल इंडस्ट्री एंड ट्रेड (कोएट) के तत्वावधान में यूपी ऑयल मिलर्स एसोसिएशन द्वारा आगामी 22-23 मार्च 2025 को ताज नगरी आगरा के ताज होटल एवं कन्वेंशन सेक्टर में 45 वें अखिल भारतीय रबी तिलहन-तेल सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।

इसमें एक अन्य महत्वपूर्ण संगठन- मस्टर्ड ऑयल प्रोड्यूएर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (मोपा) का भी भरपूर सहयोग समर्थन रहेगा। यह सेमिनार तिलहन-तेल क्षेत्र के लिए अत्यन्त उपयोगी एवं लाभप्रद साबित होगा। 

इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य तेल-तिलहन उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के तमाम हित धारकों को एक मंच पर आना और नवीनतम तकनीक, नीतिगत मुद्दों तथा व्यापारिक समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श करना है। इन हित धारकों में तिलहन उत्पादक, वनस्पति तेलों के निर्माता, व्यापारी एवं उपभोक्ता आदि शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश ऑयल मिलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी एक सूचना के अनुसार इस महत्वपूर्ण सेमिनार में देश के प्रमुख विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं अन्य सम्बन्धित सेक्टर्स के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

इस सेमिनार तेल-तिलहन उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों, समस्याओं एवं संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और तिलहनों के उत्पादन खाद्य तेलों के आयात एवं बाजार भाव के परिदृश्य का सटीक अनुमान लगाया जाएगा।

22-23 मार्च तक रबी कालीन तिलहन फसलों और खासकर सरसों की नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक शुरू हो चुकी होगी। 

इस अवसर पर स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा जिसमें तिलहन-तेल क्षेत्र से सम्बन्धित तमाम जानकारी, आंकड़े तथा सूचना समाहित होगी।

इस सेमिनार में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। सेमिनार स्थल तथा स्मारिका में विज्ञापन देने के लिए भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

वहां स्टॉल लगाया जा सकता है और डायमंड, प्लैटिनम, गोल्ड तथा सिल्वर श्रेणी के प्रायोजकों के लिए अलग-अलग राशि निश्चित की गई है। सह प्रायोजिक के लिए भी द्वार खुला हुआ है।