आंध्र प्रदेश में खरीफ फसलों के लिए कृष्णा का पानी देर से रिलीज होगा
01-Jun-2026 04:34 PM
विजयवाड़ा। चालू वर्ष के दौरान कृष्णा डेल्टा क्षेत्र में खरीफ फसलों की बिजाई प्रक्रिया शुरू होने में कम से कम 15 दिनों की देर हो जाने की संभावना है क्योंकि बिजाई के लिए सिंचाई का पानी इस बार 1 जुलाई को ही कृष्णा और गोदावरी नदी से रिलीज करने का निर्णय लिया गया है।
इसका कारण अल नीनो मौसम चक्र के प्रति बढ़ती चिंता, दक्षिण-पश्चिम मानसून का लेट से आगमन और कृष्णा बेसिन के प्रमुख जलाशयों में पानी का नगण्य प्रवाह बताया जा रहा है।
सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए पानी जारी करने हेतु 1 जुलाई की तिथि निश्चित की है जबकि पिछले साल 15 जून से ही पानी रिलीज करने की प्रक्रिया आरंभ हो गई थी।
इससे पूर्व वर्ष 2024 में 10 जुलाई को, वर्षा 2023 में 7 जून को, वर्ष 2022 में 10 जून को तथा वर्ष 2021 में 5 जुलाई को नदियों से पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
कृष्णा डेल्टा क्षेत्र में चार जिले- कृष्णा, एनटीआर, गुंटूर एवं एलुरु अवस्थित हैं जहां करीब 13 लाख एकड़ कृषि भूमि है और इसमें मुख्यतः धान की खेती होती है।
धान की नर्सरी लगाने तथा रोपाई सुनिश्चित करने के लिए सही समय पर नदियों से पानी छोड़ा जाना आवश्यक है। यद्यपि गोदावरी डेल्टा में निश्चित समय पर पानी छोड़ा गया मगर कृष्णा नदी का जल स्तर नीचे है। मध्य जुलाई तक अच्छी वर्षा होने पर पानी छोड़ने में दिक्कत नहीं होगी।
