कनाडा और अमरीका में मसूर की बिजाई गत वर्ष से पीछे
01-Jun-2026 08:01 PM
विनीपेग। ऊंचे बकाया स्टॉक, कमजोर भाव तथा प्रतिकूल मौसम आदि के कारण कनाडा तथा अमरीका में मसूर की बिजाई की गति इस बार गत वर्ष से कुछ धीमी देखी जा रही है।
अमरीका में मटर की खेती पर किसान अपेक्षाकृत अधिक जोर दे रहे हैं इसलिए मई का महीना समाप्त होने के बावजूद केवल 75 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में मसूर की बिजाई पूरी हो सकी है।
कनाडा में रकबा 77 प्रतिशत पर पहुंचा है। दोनों देशों में बिजाई क्षेत्र पिछले साल के साथ-साथ पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल से भी कम है। इसकी बिजाई में किसानों का उत्साह एवं आकर्षण पिछले साल जैसा नहीं देखा जा रहा है क्योंकि आमदनी कम हुई है।
कनाडा में खेतों की मिट्टी में नमी का अंश मसूर की औसत उपज दर के लिए पर्याप्त है और हाल के दिनों- सप्ताहों के दौरान वहां अच्छी वर्षा भी हुई है लेकिन अमरीका के कुछ महत्वपूर्ण उत्पादक क्षेत्रों में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है।
दोनों देशों के सीमित प्रांतों में मसूर की खेती होती है। ऑस्ट्रेलिया में भी इसकी बिजाई जारी है मगर वहां अल नीनो के प्रकोप से फसल के लिए जोखिम बना हुआ है।
