कुछ इंतजार के बाद मानसून दे सकता है दस्तक
01-Jun-2026 05:51 PM
मुम्बई। दक्षिण-पश्चिम मानसून के बादल केरलम तट से ठीक पीछे लक्ष्यद्वीप एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में न केवल पहुंच गया है बल्कि सघन भी होता जा रहा है। मानसून पूर्व की आंधी-बारिश देश के मध्यवर्ती एवं पूर्वी भाग में सक्रिय है। मौसम विभाग ने 3 जून से अगले चार दिनों तक केरलम एवं माही में अत्यन्त जोरदार बारिश होने की चेतावनी दी है और इसके साथ ही देश की मुख्य भूमि में मानसून का औपचारिक आगमन होगा।
मानसून का वलय (उत्तरी सीमा) कन्याकुमारी के ठीक दक्षिण से लेकर उत्तरी श्रीलंका तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर म्यांमार तक फैला हुआ है। लेकिन भारत में पहुंचने के लिए इसे ठोस आधार या सहारा नहीं मिल रहा है।
आंतरिक भाग से पश्चिम विक्षोभ के कारण जो हवा दक्षिण की ओर प्रवाहित हो रही है वह मानसून को आगे बढ़ने से रोक रही है। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में इसका असर समाप्त हो जाएगा और तब मानसून का आने का रास्ता भी साफ हो सकेगा।
मौसम विभाग ने भी इसकी तस्दीक कर दी है कि अगले 2-3 दिनों में लक्ष्यद्वीप केरलम, तमिलनाडु एवं उससे सटे बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं और कुछ इंतजार के बाद मानसून भारत में शीघ्र ही दस्तक देने वाला है।
