आंध्र तेलंगाना को बाढ़-राहत के लिए 3448 करोड़ रुपए की सहायता

09-Sep-2024 11:46 AM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना राज्य को बाढ़ राहत के लिए 3448 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।

केन्द्रीय कृषि ने इसकी घोषणा करते हुए पिछले सप्ताह कहा था कि 'राज्य आपदा रिस्पांस फण्ड' (एसडीआरएफ) से इन दोनों प्रांतों को वित्तीय सहायता तत्काल उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि बाढ़ ग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव का कार्य तेजी से चलाया जा सके। 

कृषि मंत्री के अनुसार एसडीआरएफ से यह सहायता प्रदान करने हेतु तमाम प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। यह फंड राज्यों के पास पहले से ही मौजूद है जिसमें केन्द्र की भागीदारी भी शामिल है।

दोनों बाढ़ ग्रस्त राज्यों का दौरा करने के बाद कृषि मंत्री ने इस वित्तीय सहायता की घोषणा की। कृषि मंत्री के मुताबिक तत्काल वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के बाद केन्द्र सरकार इन दोनों राज्यों में अगली फसल के लिए किसानों खाद (उर्वरक) तथा बिज मुहैया करवाने के बारे में भी विचार करेगी ताकि उत्पादकों को राहत मिल सके। 

तेलंगाना में खम्माम जिले के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा करने के बाद केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को फसल बीमा का लाभ प्राप्त हो और उन्हें  अगली फसल की बिजाई के लिए सहायता मिल सके।

वहां हल्दी सहित तमाम बागवानी फसलें बर्बाद हो गई हैं। बैंकों से इस आपदा की घड़ी में ऋण वापसी की प्रक्रिया को रोकने के लिए कहा जाएगा।