ठंडे पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से गर्मी का प्रकोप घटने की संभावना
28-Apr-2026 04:26 PM
तिरुअनन्तपुरम। विषुवतीय प्रशांत महासागर में अल नीनो मौसम चक्र के विकास के लिए उच्च दाब का एक क्षेत्र (हीट डोम) बना हुआ है जो काफी सघन एवं विस्तृत हो रहा है। इसके फलस्वरूप भारत में भी भीषण गर्मी पड़ रही है और कई क्षेत्रों में तापमान बढ़कर अत्यन्त ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
लेकिन अब इसकी तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है क्योंकि एक ठंडे पश्चिमी विक्षोभ के साथ हवा का प्रवाह ईरान में हो रहा है जो अगले कुछ दिनों में अफगानिस्तान एवं पाकिस्तान से होते हुए भारत के पश्चिमोत्तर भाग में पहुंच सकता है।
लेकिन जब तक यह ठंडी हवा भारत तक नहीं पहुंचती है तब तक विदर्भ पश्चिमी राजस्थान उड़ीसा, गुजरात, रॉयल सीमा, छत्तीसगढ़ एवं उत्तरी तेलंगाना में गर्म हवा की तेज लहर (हीट वेव) का प्रकोप जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ अभी ईरान- अफगानिस्तान बॉर्डर पर मौजूद है और धीरे-धीरे पाकिस्तान की ओर बढ़ते हुए पश्चिमोत्तर भारत में प्रवेश कर सकता है। इससे इस क्षेत्र में बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना रहेगी और झुलसाती गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।
