मई के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा उद्योग- व्यापार क्षेत्र के अनुमान से कम

28-Apr-2026 06:02 PM

मुम्बई। मांग एवं खपत में बढ़ोत्तरी की संभावना को देखते हुए उद्योग-व्यापार क्षेत्र ने मई 2026 के लिए 23.00-23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत होने का अनुमान लगाया था लेकिन सरकार द्वारा केवल 22.50 लाख टन का कोटा घोषित किया गया है जो अप्रैल 2026 के लिए नियत कोटा 23 लाख टन से 50 हजार टन तथा मई 2025 के लिए निर्धारित कोटा 23.50 लाख टन से एक लाख टन कम है। मई 2024 में 27 लाख टन चीनी का कोटा जारी किया गया था। 

उद्योग-व्यापार क्षेत्र के अनुसार मई 2026 में चीनी की घरेलू मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना रहती है और बल्क उपभोक्ता अच्छी मात्रा में इसकी खरीद करते हैं जिसमें शीतल पेय पदार्थ एवं आइसक्रीम निर्माण उद्योग मुख्य रूप से शामिल है। मई के गर्म मौसम में इसका ज्यादा उपयोग किया जाता है। इसके अलावा मई में शादी-विवाह एवं अन्य मंगलदायी उत्सवों का सीजन होने से भी चीनी की खपत बढ़ने की उम्मीद रहती है।

मई के लिए अनुमान से कम कोटा आने से चीनी की कीमतों पर ज्यादा दबाव पड़ने की उम्मीद नहीं है और न ही मिलर्स को जल्दी-जल्दी अपना कोटा बेचने के लिए विवश होना पड़ेगा। एक विश्लेषक के अनुसार अप्रैल में चीनी का कुल उपयोग बढ़कर 24 लाख टन के करीब पहुंचता है जबकि मई में खपत इससे अधिक होती रही है।

लेकिन इस बार खपत की गति कुछ धीमी देखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में फसलों की कटाई-तैयारी का समय चल रहा है जबकि लग्नसरा का सीजन भी होने से चीनी की मांग बढ़ सकती है। 

एक अन्य समीक्षक का कहना है कि अगर चीनी की घरेलू मांग इस नियत कोटे से अधिक रही तो मिलर्स को अतिरिक्त कोटे की मांग करनी पड़ सकती है या कोटे से ज्यादा चीनी बेचनी पड़ सकती है। चीनी के दाम में अगले महीने औसतन 100 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा हो सकता है।