गेहूं की सरकारी खरीद में भारी गिरावट

28-Apr-2026 08:04 PM

नई दिल्ली। आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 26 अप्रैल 2026 तक भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कुल 194.81 लाख टन गेहूं खरीदा गया जो पिछले साल की समान अवधि की खरीद 224.39 लाख टन से 13 प्रतिशत या 29.58 लाख टन कम था। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान गेहूं की सरकारी खरीद यद्यपि पंजाब में 83.76 लाख टन से उछलकर 94.70 लाख टन एवं हरियाणा में 61.99 लाख टन से बढ़कर 70.80 लाख टन पर पहुंच गई लेकिन उत्तर प्रदेश में 6.43 लाख टन से गिरकर 4.98 लाख टन, मध्य प्रदेश में 61.45 लाख टन से लुढ़ककर 16.61 लाख टन तथा राजस्थान में 9.80 लाख टन से घटकर  7.22 लाख टन पर अटक गया।

बिहार, उत्तराखंड, गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश में सीमित मात्रा में गेहूं की खरीद हुई और इसका प्रदर्शन गत वर्ष से बेहतर रहा मगर केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 80 हजार टन से घटकर महज 10 हजार टन रह गई। सभी प्रांतों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है।

कुल निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 26 अप्रैल तक पंजाब में 78 प्रतिशत एवं हरियाणा में 98 प्रतिशत गेहूं की खरीद हो चुकी थी जबकि उत्तर प्रदेश में 20 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 17  प्रतिशत, बिहार में 10 प्रतिशत तथा राजस्थान में 31 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो पाया था। हरियाणा में हो रही शानदार खरीद को देखते हुए लगता है कि वहां लक्ष्य को 72 लाख टन के मौजूदा स्तर से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पड़ सकती है।