पश्चिम एशिया में संकट से सूखे मेवों का भाव तेज होने के संकेत

28-Apr-2026 08:02 PM

मुम्बई। पश्चिम एशिया में जारी संकट से भारत में सूखे मेवों (ड्राई फ्रूट्स) की आपूर्ति शृंखला में बाधा पड़ रही है जिसे पिछले करीब दो माह के दौरान ईरानी पिस्ता एवं खजूर (छुहारा) के दाम में 10-20 प्रतिशत की वृद्धि हो गई है।

एक अग्रणी संस्था- नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स कौंसिल ऑफ इंडिया के अनुसार ईरान भारत को छुहारा एवं पिस्ता का एक अग्रणी आपूर्तिकर्ता देश है लेकिन वहां से इसके निर्यात में अभी भारी कठिनाई हो रही है। इसके फलस्वरूप इन सूखे मेवों की उपलब्धता करीब 30 प्रतिशत घट गई है। 

हालांकि भारत पर अभी तक इसका सीमित असर देखा जा रहा है क्योंकि फिलहाल खपत का पीक सीजन नहीं है। आमतौर पर दीपावली से पूर्व जून-जुलाई से इसकी मांग बढ़नी शुरू हो जाती है तब तक बाजार में काफी हद तक स्थिरता का माहौल रह सकता है।

भारत में पिस्ता का बाजार करीब 5000 करोड़ रुपए तथा छुहारे का लगभग 3000 करोड़ रुपए का है। भारत में ईरानी पिस्ता एवं छुहारे को काफी पसंद किया जाता है। ऊंचे दाम के कारण बिक्री पर असर पड़ रहा है। यद्यपि हवाई मार्ग से इसका आयात हो सकता है लेकिन इससे खर्च और भी बढ़ जाएगा।