गुजरात में जायद फसलों का उत्पादन क्षेत्र 7 प्रतिशत बढ़ा
28-Apr-2026 05:00 PM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में जायद सीजन (ग्रीष्मकाल) की फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 12.30 लाख हेक्टेयर से 7 प्रतिशत या 80 हजार हेक्टेयर बढ़कर इस बार 13.10 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। यह रकबा गुजरात में जायद फसलों के तीन वर्षीय औसत क्षेत्रफल 11.80 लाख हेक्टेयर से भी काफी अधिक है।
राज्य कृषि विभाग के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू जायद सीजन के दौरान गुजरात में धान का उत्पादन क्षेत्र 1,28,454 हेक्टेयर से सुधरकर 1,34,035 हेक्टेयर, बाजरा का बिजाई क्षेत्र 3,22,173 हेक्टयर से बढ़कर 6,49,100 हेक्टेयर तथा मक्का का रकबा 7500 हेक्टेयर से सुधरकर 7663 हेक्टेयर पर पहुंच गया। इन फसलों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है।
दलहन फसलों में मूंग का उत्पादन क्षेत्र 59,299 हेक्टेयर से बढ़कर 64,944 हेक्टेयर तथा उड़द का रकबा 30,196 हेक्टेयर से सुधरकर 30,616 हेक्टेयर पर पहुंचा।
इसी तरह तिलहन फसलों के संवर्ग में मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र 56,261 हेक्टेयर से बढ़कर 68,318 हेक्टेयर तथा तिल का बिजाई क्षेत्र 1,22,532 हेक्टेयर से बढ़कर 1,40,271 हेक्टेयर पर पहुंच गया।
इसके अलावा जायद सीजन के दौरान गुजरात में कई अन्य फसलों की बिजाई भी होती है जिसमें गन्ना, प्याज एवं सब्जियां आदि शामिल हैं। राज्य में फरवरी से अप्रैल के बीच जायद फसलों की खेती होती है। धान, बाजरा, मूंग, तिल एवं उड़द मुख्य फसल है।
