आवक बढ़ने से लालमिर्च में मंदा

18-Jan-2024 06:56 PM

नई दिल्ली । चालू सीजन के दौरान देश में लालमिर्च का उत्पादन अधिक होने एवं उत्पादक केन्द्रों पर मौसम भी अनुकूल होने से मंडियों में नई लालमिर्च की आवक बढ़नी शुरू हो गई है।

प्रमुख मंडी गुंटूर में आवक बढ़कर  लगभग सवा लाख बोरी की हो गई है। लेकिन निर्यातकों की सीमित मांग के कारण तेजा क्वालिटी के भाव 10 रुपए प्रति किलो मंदे के साथ 200 रुपए पर बोले जाने लगे हैं।

खम्मम मंडी में भी आवक बढ़कर 30/32 हजार बोरी की हो गई है। मगर लिवाली का समर्थन कमजोर मिलने के कारण भाव 8 रुपए मंदे के साथ 205 रुपए पर बोले गए।

वारंगल मंडी में भी आवक बढ़कर 20/22 हजार बोरी की हो गई है। भाव भी मंदे रहे। सूत्रों का कहना है कि आगामी दिनों में अभी आवक का दबाव बना रहेगा जिस कारण हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है।