अफ्रीकी देश मलावी को भारत से एक हजार टन चावल की मानवीय सहायता

09-Sep-2024 12:47 PM

नई दिल्ली । अफ्रीका महाद्वीप के दक्षिण-पूर्वी भाग में अवस्थित देश- मलावी को फिलहाल भयंकर सूखे के संकट का सामना करना पड़ रहा है जिससे वहां बड़े पैमाने पर फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और गंभीर खाद्य संकट उत्पन्न हो गया है।

इसे देखते हुए भारत सरकार ने मानवीय खाद्य सहायता के तौर पर मलावी के लिए 1000 टन चावल भेजा है। ज्ञात हो कि इस अफ्रीकी देश से भारत में अच्छी मात्रा में तुवर का आयात किया जाता है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक भारत इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में मलावी के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव से वहां भयंकर सूखे का प्रकोप होने के कारण खाद्यान्न का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत से 1000 टन चावल की खाद्य सहयता रवाना कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि मार्च 2024 में मलावी की सरकार ने देश में आपदा की स्थिति उस समय घोषित की थी जब देश के 28 में से 23 जिलों में सूखे का भयंकर प्रकोप उत्पन्न हो गया था।

इससे वहां फसलों की हालत लगातार खराब होती चली गई और अब खाद्यान्न की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति अत्यन्त जटिल हो गई है। 

मलावी के साथ भारत के काफी अच्छे राजनैतिक एवं व्यापारिक सम्बन्ध हैं और इस छोटे अफ्रीकी देश के साथ तुवर आयात के लिए भारत द्वारा पंचवर्षीय करार भी हो चुका है।

मलावी सरकार ने स्थानीय स्तर पर खाद्यान्न की जमाखोरी और काला बाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है।