अगले सीजन में चीनी का उत्पादन घटने की आशंका

14-Apr-2026 05:52 PM

पुणे। अल नीनो मौसम चक्र की सक्रियता के कारण यदि दक्षिण-पश्चिम मानसून के सीजन (जून-सितम्बर) के दौरान देश में वर्षा कम हुई या इसका अभाव रहा तो गन्ना की फसल को नुकसान हो सकता है। जानकारों का कहना है कि गन्ना की पैदावार में आने वाली गिरावट का सीधा असर चीनी के उत्पादन पर पड़ेगा। 

चिंता की बात यह है कि मौसम विभाग ने भी इस वर्ष मानसून के कमजोर रहने की पुष्टि कर दी है। वर्षा के वितरण एवं समयांतराल पर गहरी नजर रखने की जरूरत पड़ेगी। यद्यपि 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़ा है लेकिन इसमें उम्मीद के अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी। 

अक्टूबर से 2026-27 का नया गन्ना क्रशिंग-सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ होगा। बिजाई क्षेत्र की हालत कैसी रहती है इसका पता जुलाई-अगस्त में चल जाएगा। चीनी उद्योग फिलहाल ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं है और सरकार भी असमंजस में हैं।