अगस्त माह के लिए 22.50 लाख टन चीनी का सामान्य कोटा निर्धारित

29-Jul-2025 11:33 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अगस्त 2025 के लिए 22.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा निर्धारित किया है जो जुलाई 2025 तथा अगस्त 2024 के लिए नियत कोटा 22-22 लाख टन से 50 हजार टन ज्यादा है। इससे पूर्व अगस्त 2023 में 27.50 लाख टन चीनी का रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा घोषित हुआ था। अगस्त के कोटे को सामान्य माना जा सकता है। 

गणना करने से पता चलता है कि चालू कैलेंडर वर्ष के शुरूआती 8 महीनों में यानी जनवरी-अगस्त 2025 के लिए खाद्य मंत्रालय द्वारा कुल मिलाकर 182.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा घोषित किया जा चुका है जो वर्ष 2024 की समान अवधि के लिए आवंटित कोटा 192 लाख टन से 9.50 लाख टन तथा जनवरी-अगस्त 2023 के लिए आवंटित कोटा 186 लाख टन से 3.50 लाख टन कम है। 

सरकार ने अक्टूबर 2024 के लिए 25.50 लाख टन एवं नवम्बर तथा दिसम्बर 2024 के लिए 22-22 लाख टन यानी अक्टूबर-दिसम्बर 2024 की तिमाही के लिए कुल 69.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया था जबकि जनवरी-अगस्त 2025 के लिए 182.50 लाख टन का कोटा निर्धारित किया।

इस तरह 2024-25 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के आरंभिक 11 महीनों (अक्टूबर 2024-अगस्त 2025) के लिए कुल मिलाकर 252 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित हो चुका है। यदि सितम्बर के लिए 23 लाख टन का कोटा मान लिया जाए तो चालू मार्केटिंग सीजन की सम्पूर्ण अवधि के लिए कुल आंकड़ा 275 लाख टन तक ही पहुंचता है।

अगस्त माह से त्यौहारी सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ हो जाता है जिससे चीनी की घरेलू मांग एवं  खपत में बढ़ोत्तरी की उम्मीद रहती है। लेकिन दो बातों पर ध्यान रखना जरुरी है।

अगस्त माह में मानसून की भारी बारिश होती है और तापमान भी नीचे आ जाता है जिससे चीनी की औद्योगिक मांग पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा यह देखना आवश्यक होगा कि जुलाई के कोटे से चीनी का कोई अनबिका स्टॉक बचा है या नहीं और यदि स्टॉक बचता है तो उसकी बिक्री के लिए सरकार किस तरह का निर्णय लेती है।

वैसे आमतौर पर अगस्त में चीनी का भाव मजबूत अथवा एक निश्चित सीमा में सीमित उतार-चढ़ाव के साथ स्थिर रहने की उम्मीद की जा सकती है।