अमरीका एवं कनाडा में दलहनों की कटाई से कीमतों पर दबाव के संकेत

11-Aug-2025 03:14 PM

वैंकुवर। उत्तरी अमरीका महाद्वीप के दोनों प्रमुख दलहन उत्पादक देशों कनाडा एवं संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है जबकि मसूर एवं काबुली चना की कटाई शीघ्र ही शुरू होने वाली है।

गत सप्ताह कनाडा में मटर की 1 प्रतिशत कटाई से 29 हजार टन तथा अमरीका में 12 प्रतिशत की कटाई से 94,400 टन उत्पाद प्राप्त हुआ था। आगामी सप्ताहों में कटाई-तैयारी की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।

कनाडा के सस्कैचवान तथा मनिटोबा प्रान्त में हुई आरम्भिक कटाई में मटर की क्वालिटी एवं औसत उपज दर बेहतरीन देखी गई। इससे पश्चिमी कनाडा के उत्पादन एवं प्रोसेसर्स काफी उत्साहित हैं। 

हरी मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है जबकि लाल मसूर का भाव स्थिर है। हालांकि रूस में उत्पादन घटने की सूचना से अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार प्रभावित हो रहा है मगर कीमतों में तेजी का माहौल नहीं बन रहा है।

आमतौर पर रूस की मटर एवं मसूर का भाव कनाडा की तुलना में नीचे रहता है लेकिन गत सप्ताह दोनों देशों के दलहनों का दाम लगभग समान स्तर पर आ गया।

कनाडाई हरी मसूर की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के आरंभ से अब तक इसके दाम में 37 प्रतिशत और मई 2025 से अब तक 25 प्रतिशत की भारी गिरावट आ चुकी है। इस बार उत्पादन में वृद्धि की संभावना से कीमतों में कुछ और नरमी आ सकती है।  

काबुली चना की नई फसल भी जल्दी ही बाजार में प्रवेश करने वाली है। गत सप्ताह वैश्विक बाजार में इसकी कीमतों में मिश्रित रुख देखा गया। कनाडा और अमरीका में काबुली चना की नई फसल परिपक्व होने लगी है।

हालांकि सप्ताह के दौरान बड़े कैलिबर (मोटे दाने) वाले काबुली चना का दाम काफी हद तक स्थिर बना रहा लेकिन 9 मि०मी० तथा इससे छोटे आकार वाले दाने की कीमतों में थोड़ी नरमी दर्ज की गई। 

कनाडा में पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष दलहनों के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई है और जुलाई के अंतिम सप्ताह में हुई बारिश से फसलों को फायदा होने की उम्मीद है जिससे मटर, मसूर एवं काबुली चना के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।

उत्पादक अपने पुराने स्टॉक को बेचने का जोरदार प्रयास करते हैं जबकि खरीदारों का ध्यान नई फसल पर केन्द्रित है।