अमरीका के साथ समेकित समझौता करना चाहता है ईरान

07-May-2026 08:00 PM

तेहरान। ईरान ने कहा है कि वह अमरीका के साथ कोई सशर्त डील नहीं करना चाहता है बल्कि सभी मुद्दों पर एक साथ समेकित समझौता करने पर विचार कर सकता है। ईरान का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट पर उसके अधिकार को वैधानिक मान्यता दी जाए, उस पर अमरीका द्वारा लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध को कम या खत्म किया जाए और विदेशों में उसकी फ्रीज की गई सम्पत्ति को अनफ्रीज किया जाए।

इसके साथ ईरान अथवा उसके सहायक समूहों (प्रॉक्सी गुट) पर हमला नहीं करने की गारंटी दी जाए और होर्मुज स्ट्रेट से अमरीकी नाकाबंदी तत्काल हटाई जाए। परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे पर बाद में बातचीत हो सकती है। 

दूसरी ओर अमरीका चाहता है कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम कम से कम 20 वर्षों के लिए स्थगित कर दे और होर्मुज स्ट्रेट को जहाजों की आवाजाही के लिए पूरी तरह खोल दे। वहां जहाजों से कोई टोल टैक्स भी नहीं वसूला जाए। दोनों पक्ष अपनी शर्तों पर अड़े हुए हैं। शीघ्र ही इस पर कोई निर्णायक स्थिति बनने की संभावना है। होर्मुज स्ट्रेट का खुलना भारत के लिए अत्यंत आवश्यक है।