अमरीका में बादाम का उत्पादन 10 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान
21-Jul-2025 02:54 PM
लॉस एंजिल्स। अमरीका की राष्ट्रीय कृषि सांख्यिकी सेवा (नास) ने चालू वर्ष के दौरान बादाम के घरेलू उत्पादन के अनुमान में मई रिपोर्ट के मुकाबले 7 प्रतिशत का इजाफा कर दिया है। वैसे बाजार विश्लेषकों को उत्पादन में इतनी बढ़ोत्तरी होने में संदेह है।
विश्लेषकों को उम्मीद थी की नास की रिपोर्ट से बाजार में स्थिरता आएगी लेकिन मौजूदा आंकड़ों से वहां अनिश्चितता ही बढ़ गई है। मई 2025 में नास ने जो रिपोर्ट जारी की थी उसका आंकड़ा भी कुछ ऊंचा था।
विशेषज्ञों ने मक्का का उत्पादन 2.80 अरब पौंड या 12.70 लाख टन होने की भविष्यवाणी की थी जुलाई की रिपोर्ट का आंकड़ा इससे 7 प्रतिशत ऊंचा यानी 3 अरब पौंड या 13.61 लाख टन नियत किया गया है।
यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो 2020-21 के बाद इस बार अमरीका में बादाम का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादन होगा जो 2024 के उत्पादन से लगभग 10 प्रतिशत अधिक है।
लेकिन व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि नास का यह उत्पादन अनुमान काफी आशावादी है और वास्तविक उत्पादन इससे कम हो सकता है। दरअसल हाल के वर्षों में बादाम के बहुत कम नए पेड़ लगाए गए हैं और उत्पादकों के मुनाफे में भी कमी आ रही है।
बादाम के पुराने पेड़ों की उत्पादकता घटने लगी है उत्पादक उसे बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे हैं। कुछ बागानों को तो लावारिस छोड़ दिया गया है। इसे देखते हुए नास के अनुमान तथा वास्तविक क्षेत्रफल एवं उत्पादन में काफी अंतर रहने की संभावना है।
मोटे अनुमान के अनुसार 2024-25 के मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर अमरीका में करीब 2.50 लाख टन बादाम का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद रहेगा और यदि 13.61 लाख टन का उत्पादन हुआ तो 2025-26 सीजन के लिए इसकी कुल उपलब्धता बढ़कर 16.10 लाख टन के करीब पहुंच सकती है।
2024-25 के सीजन में 14.34 लाख टन की उपलब्धता आंकी गई। 2025-26 सीजन के लिए अभी तक करीब 50,559 टन नए शेल्ड बादाम की खरीद-बिक्री का अनुबंध हुआ है।
नास की रिपोर्ट के अनुसार 2025 में अमरीका में 13.90 लाख एकड़ में बादाम के बागानों में 0.98 टन प्रति एकड़ की औसत उपज दर के साथ कुल 13.61 लाख टन बादाम का उत्पादन होने का अनुमान है जबकि 2024 में इसका क्षेत्रफल 13.80 लाख एकड़ रहा था
और 0.90 लाख प्रति एकड़ की औसत उपज दर के साथ कुल उत्पादन 12.38 लाख टन आंका गया था। इससे पूर्व अमरीका में 2023 में 11.14 लाख टन, 2022 में 11.70 लाख टन, 2021 में 13.31 लाख टन तथा 2020 में 14.13 लाख टन बादाम का उत्पादन हुआ था।
