अमरीका से अखरोट के निर्यात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी

02-Jun-2026 05:46 PM

लास एंजिल्स। कैलफोर्निया वालनट बोर्ड की नई शिपमेंट रिपोर्ट में कहा गया है कि अप्रैल में छिलका युक्त अखरोट के निर्यात में जोरदार इजाफा हुआ और चीन सहित अन्य प्रमुख खरीदार देशों की इसमें अच्छी दिलचस्पी रही। लेकिन 2026-27 सीजन के लिए इसके निर्यात प्रदर्शन का परिदृश्य ज्यादा उत्साहवर्द्धक रहने की संभावना नहीं है। चीन के बाजार पर नजर रखने की जरूरत रहेगी। भारत में भी इसका आयात किया जाता है। 

बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2025 में कैलिफोर्निया से केवल 43 लाख पौंड अखरोट का निर्यात हुआ था जो अप्रैल 2026 में पांच गुणा से ज्यादा उछलकर 237 लाख पौंड पर पहुंच गया।

इस तरह अमरीका के घरेलू प्रभाग में भी कैलिफोर्निया से अप्रैल में करीब 29 लाख पौंड अखरोट भेजा गया जो अप्रैल 2025 के डिस्पैच की मात्रा 13 लाख पौंड के दोगुने से ज्यादा रहा। इस तरह अप्रैल में कैलिफोर्निया से कुल 266 लाख पौंड अखरोट को देश-विदेश में भेजा गया जो अप्रैल 2025 की मात्रा 56 लाख पौंड के पांच गुणा से भी अधिक रहा। 

पिछले साल की तुलना में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान कैलिफोर्निया से अखरोट की कुल निकासी दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई। घरेलू प्रभाग के लिए बिक्री में 48 प्रतिशत का इजाफा हुआ। तुर्की इसका सबसे प्रमुख खरीदार बना रहा जहां अमरीकी अखरोट के निर्यात में करीब पांच गुणा की वृद्धि हुई।

इसके अलावा मध्य पूर्व एशिया तथा अफ्रीका के अनेक देशों ने भी अच्छी मात्रा में अमरीकी अखरोट मंगाया। इसमें इराक, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), अल्जीरिया, मोरक्को एवं लेबनान आदि शामिल है। इस सम्पूर्ण क्षेत्र में अखरोट का निर्यात वर्ष 2025 के 347 लाख पौंड से पांच गुणा से ज्यादा बढ़कर 1729 लाख पौंड पर पहुंच गया। 

2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान कैलिफोर्निया से अखरोट का निर्यात तुर्की, इटली, संयुक्त अरब  अमीरात, अल्जीरिया, लेबनान, मोरक्को, इराक एवं वियतनाम जैसे देशों में काफी बढ़ गया मगर भारत एवं स्पेन में घट गया। अन्य देशों में स्थिति बेहतर रही।