उत्तरी एवं पश्चिमी क्षेत्र में भी पानी का अभाव
02-Jun-2026 03:59 PM
नई दिल्ली। मई में देश के अधिकांश भागों में मानसून पूर्व की वर्षा का अभाव रहने से बांधों जलाशयों में पानी का स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है। इससे खरीफ फसलों की अगैती बिजाई पर असर पड़ सकता है। उत्तरी क्षेत्र के 11 प्रमुख जलाशयों में 7694 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक बचा हुआ है
जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 19.836 बीसीएम का करीब 39 प्रतिशत है। वैसे यह जल भंडार अन्य क्षेत्रों से बेहतर है। कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक पंजाब के बांधों में 59 प्रतिशत, राजस्थान में 44 प्रतिशत तथा हिमाचल प्रदेश में 33 प्रतिशत मौजूद है।
इसी तरह देश के पश्चिमी संभाग में 53 प्रमुख बांधों-सरोवरों में जल स्तर घटकर 13.625 बीसीएम पर आ गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 38.094 बीसीएम का 36 प्रतिशत है।
गोवा के एक मात्र जलाशय में केवल 31 प्रतिशत पानी का भंडार बचा हुआ है जबकि महाराष्ट्र में सिर्फ 28 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है। गुजरात की स्थिति थोड़ी बेहतर है। वहां बांधों-जलाशयों में कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले 45 प्रतिशत पानी का स्टॉक उपलब्ध है।
