अमरीकी सोयाबीन का निर्यात प्रभावित होने की संभावना

22-Feb-2025 11:22 AM

शिकागो। व्यापार विश्लेषको का कहना है कि कम से कम दो कारणों से इस वर्ष अमरीका से सोयाबीन का निर्यात प्रभावित हो सकता है।

पहली बात यह है कि ब्राजील में इस बार रिकॉर्ड उत्पादन होने से सोयाबीन का भाव घटकर काफी नीचे आ गया है। पिछले दिनों ब्राजील में पराना गुआ बंदरगाह पर सोयाबीन का फ्री ऑन बोर्ड निर्यात ऑफर मूल्य 417 डॉलर प्रति टन से काफी नीचे था।

जनवरी की तुलना में फरवरी के दौरान अमरीका से सोयाबीन के निर्यात की गति धीमी देखी जा रही है क्योंकि अब ब्राजील में नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है और उसके सोयाबीन का दाम भी विदेशी आयातकों के लिए काफी आकर्षक बना हुआ है।  

अमरीकी सोयाबीन के कमजोर निर्यात प्रदर्शन का दूसरा कारण अमरीका का चीन और मैक्सिको जैसे महत्वपूर्ण आयातक देशों के सामानों पर आयात शुल्क लगाने का निर्णय है।

यदि इस फैसले को लागू किया जाता है तो ये दोनों देश भी बदले की कार्रवाई कर सकते हैं। चीन पहले ही ब्राजील के सोयाबीन पर निर्भर हो चुका है और यदि मैक्सिको का झुकाव भी ब्राजील की तरफ हो गया तो अमरीकी सोयाबीन उत्पादकों की कठिनाई काफी बढ़ जाएगी।

ब्राजील इस बार अपने विशाल उत्पादन के सहारे चीन और मैक्सिको सहित अन्य आयातक देशों की सोयाबीन की मांग एवं जरूरत को पूरा करने में सक्षम हो जाएगा।

जनवरी के अंत तक ब्राजील में महज 5 प्रतिशत सोयाबीन फसल की कटाई हुई थी क्योंकि वहां प्रमुख उत्पादक इलाकों में  भारी वर्षा होने से कटाई में बाधा पड़ी थी लेकिन फरवरी में मौसम साफ होने से कटाई की रफ्तार बढ़ गई।

वहां इस वर्ष 1660 से 1700 लाख टन के बीच सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर है। अर्जेन्टीना में मौसम अनुकूल नहीं होने से सोयाबीन का उत्पादन पूर्व अनुमान से काफी कम होने की संभावना है।