इंडोनेशिया में बी 50 प्रोग्राम लागू होने पर डीजल का आयात बंद होगा
21-Apr-2026 04:32 PM
सुराबाया। इंडोनेशिया में 1 जुलाई 2026 से बी 50 प्रोग्राम लागू करने का निर्णय लिया गया है जिसके तहत बायोडीजल के निर्यात में 50 प्रतिशत पाम तेल का उपयोग करना अनिवार्य होगा। इसके बाद इंडोनेशिया में बायो डीजल का उत्पादन इतना बढ़ जाएगा कि उसकी घरेलू मांग एवं जरूरत आसानी से पूरी हो जाएगी और उसे विदेशों से डीजल के आयात की आवश्यकता नहीं या नगण्य पड़ेगी। बी 50 प्रोग्राम के तहत निर्मित बायो डीजल में 50 प्रतिशत अंश डीजल का तथा शेष 50 प्रतिशत अंश क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का होगा।
इंडोनेशिया के कृषि मंत्री का कहना है कि 1 जुलाई 2026 से बी 50 प्रोग्राम लागू करने का निर्णय लिया गया है और उसके बाद डीजल का आयात बंद हो जाएगा।
सरकार राष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा स्रोतों में निर्भरता को मजबूत करने का प्रयास कर रही है और इसके तहत पाम तेल का उपयोग एक वैकल्पिक ईंधन के रूप में किया जा रहा है।
कृषि मंत्री के मुताबिक पाम तेल की प्रोसेसिंग सिर्फ डीजल में नहीं बल्कि गैसोलीन एवं एथनॉल में भी की जा सकती है जिसका विकास फिलहाल तेज गति से हो रहा है। यह इंडोनेशिया के लिए भविष्य की ऊर्जा है क्योंकि इसे पाम तेल से हासिल किया जाता है।
इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। बायो डीजल निर्माण में 50 प्रतिशत का उपयोग होने पर वहां पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आएगी जिससे वैश्विक बाजार मूल्य पर असर पड़ेगा लेकिन इंडोनेशिया को अपनी आंतरिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में भरपूर सहायता मिल जाएगी।
