उत्तर में हीट वेव, दक्षिण में बारिश
21-Apr-2026 05:59 PM
नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार देश के उत्तरी, मध्यवर्ती एवं पश्चिमोत्तर राज्यों में तापमान काफी ऊंचा हो गया है और अगले कुछ दिनों तक वहां गर्म हवा की तेज लहर (हीटवेव या 'लू') का प्रकोप, बरकरार रहने की संभावना है।
इसमें दिल्ली- एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान तथा मध्य प्रदेश भी शामिल है। इन राज्यों के लिए फिलहाल मौसम का शुष्क रहना आवश्यक है क्योंकि वहां गेहूं फसल की जोरदार कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक हो रही है।
दूसरी ओर दक्षिण भारत के राज्यों- तेलंगाना, आंध्र प्रदेश एवं कर्नाटक में बारिश हो रही है जिसका विस्तार तमिलनाडु, केरल एवं पांडिचेरी तक हो सकता है। इन राज्यों में बारिश की सख्त जरूरत महसूस की जा रही है क्योंकि वहां बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है।
महाराष्ट्र के कुछ भागों में तापमान काफी ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बाद अब नीचे आने की संभावना है। गुजरात तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
