अनेक महत्वपूर्ण जिंसों का थोक मंडी भाव सरकारी समर्थन मूल्य से पीछे

12-Feb-2025 08:03 PM

नई दिल्ली । हालांकि गेहूं, तुवर, चना, मक्का, जौ तथा तिल का थोक मंडी भाव केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊपर चल रहा है लेकिन उड़द, मूंग, मसूर, बाजरा, हाइब्रिड ज्वार, सरसों, मूंगफली एवं सोयाबीन का दाम नीचे आ गया है। दलहन-तिलहन की सरकारी खरीद होने के बावजूद इसकी कीमतों में सुधार का माहौल नहीं बन रहा है। 

11 फरवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गेहूं का भाव 2940 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जो 2425 रुपए प्रति क्विंटल के एमएसपी से 515 रुपए अधिक था।

इसी तरह तुवर का थोक भाव कर्नाटक के गुलबर्गा (कलबुर्गी) में 7600 रुपए प्रति क्विंटल तथा चना का भाव राजस्थान के बीकानेर में 6000 रुपए प्रति क्विंटल रहा जो इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमश: 7550 रुपए एवं 5650 रुपए प्रति क्विंटल से ऊंचा रहा।

दूसरी ओर उड़द का दाम घटकर 6700 रुपए प्रति क्विंटल मूंग का 8000 रुपए प्रति क्विंटल एवं मसूर का 5900 रुपए प्रति क्विंटल क्रमश: ललितपुर (यूपी), मेड़ता सिटी (राजस्थान) तथा अशोक नगर (मध्य प्रदेश) में आ गया।

ज्ञात हो कि 2024-25 सीजन के लिए उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7400 रुपए प्रति क्विंटल, मूंग का 8682 रुपए प्रति क्विंटल एवं मसूर का 6700 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। तुवर और उड़द का दाम अपने शीर्ष स्तर से घटकर काफी नीचे आ गया है।  

मोटे अनाजों के संवर्ग में मक्का का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपए प्रति क्विंटल के मुकाबले बिहार के बेगूसराय में 2650 रुपए प्रति क्विंटल तथा जौ का दाम 1980 रुपए प्रति क्विंटल के एमएसपी की तुलना में राजस्थान के जयपुर में 2400 रुपए प्रति क्विंटल रहा।

लेकिन हाइब्रिड ज्वार का भाव महाराष्ट्र के लातूर में 3000 रुपए प्रति क्विंटल (एमएसपी 3571 रुपए प्रति क्विंटल) तथा बाजरा का दाम यूपी के डिबई में 2400 रुपए प्रति क्विंटल (एमएसपी 2625 रुपए प्रति क्विंटल) पर आ गया। 

तिलहन फसलों में तिल का समर्थन मूल्य 9267 रुपए प्रति क्विंटल, सरसों का 5950 रुपए, मूंगफली 6783 रुपए एवं सोयाबीन का 4892 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

इसके मुकाबले तिल का भाव 11 फरवरी को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 10900 रुपए प्रति क्विंटल, सरसों का दाम राजस्थान के भरतपुर में 5800 रुपए प्रति क्विंटल,  मूंगफली का मूल्य बीकानेर में 5100 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोयाबीन का दाम मध्य प्रदेश के इंदौर में 4100 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।