अर्जेन्टीना में बारिश होने से सोयबीन फसल की हालत में सुधार
21-Mar-2025 08:32 PM
ब्यूनस आयर्स। दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित अर्जेन्टीना में मौसम धीरे-धीरे सोयाबीन की फसल के लिए अनुकूल होने लगा है।
हालांकि पिछले सप्ताह देश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहा और चालू सप्ताह के दौरान भी बारिश काफी कम हुई लेकिन उससे कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने से फसल को नया जीवन दान मिल गया था देश के पश्चिमी तथा पश्चिमोत्तर भाग में आगामी दिनों के दौरान अच्छी वर्षा होने की भविष्यवाणी की गई है।
ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज ने 2024-25 सीजन के दौरान अर्जेन्टीना में 496 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया है जबकि रोजारियों एक्सचेंज ने यह महज 445 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है।
अमरीकी कृषि विभाग का अनुमान 490 लाख टन का है जबकि उद्योग व्यापार समीक्षकों का मानना है कि वास्तविक उत्पादन 480 लाख टन के आसपास हो सकता है।
अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की बिजाई एवं कटाई-तैयारी लेट से होती है। यही कारण है कि पड़ोसी देश- ब्राजील में फसल की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है जबकि अर्जेन्टीना में यह अभी ठीक से आरंभ भी नहीं हुई है।
वहां 61 प्रतिशत फसल में अभी फूल एवं दाने लग रहे हैं और केवल 12 प्रतिशत फसल परिपक्वता की सीमा तक पहुंची है।
देश के उत्तरी क्षेत्र में सूखे का संकट अभी तक समाप्त नहीं हुआ है जबकि मध्यवर्ती भाग में अच्छी बारिश होने से कहीं-कहीं खेतों में पानी भर गया है। फरवरी के साथ-साथ मार्च के शुरूआती दिनों में हुई वर्षा से सोयाबीन की फसल काफी हद तक संभल गई है।
उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना संसार में ब्राजील एवं अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।
भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है। उधर ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।
